
Weather Alert: राज्य में कड़ाके की सर्दी का असर जारी है। घने कोहरे व शीतलहर के बीच मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गम्भीर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की सम्भावना जताई है। साथ ही मौसम विभाग ने नई चेतावनी जारी की है जिसमें बताया है कि राज्य में रविवार को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से कोटा, बारां, बूंदी व झालावाड़ सहित राज्य के करीब 23 जिलों में ओलावृष्टि का यलो अलर्ट जारी किया है।
कोटा शहर में शनिवार को घना कोहर छटा, बादल हटे और धूप खिली। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से शीतलहर से ठिठुरन बनी हुई है। हालांकि इस नए साल में पहली बार सूर्य देव के दर्शन हुए। सुबह घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण वाहनों को हैडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कोहरा छटा तो बादल छाए रहे। सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। शीतलहर चलती रही। लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन करते नजर आए। दोपहर 3 बजे धूप खिली, लेकिन शीतलहर से ठिठुरन रही। शाम ढलने के बाद गलन का असर बढ़ गया। वहीं कड़ाके की सर्दी के चलते जिला प्रशासन ने 13 तक बच्चों की छुट्टियां बढ़ा दी है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडगढ़़, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, कोटा, राजसमंद, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जालोर, जोधपुर, नागौर और पाली में मेघगर्जन के साथ ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है।