
kuchaman. 'Health Friends' will make people aware of health
ग्राम पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य मित्र नियुक्त होने पर राज्य के प्रत्येक राजस्व ग्राम में आमजन को निरोगी जीवन शैली के बारे में जानकारी मिल सकेगी। स्वास्थ्य मित्र चयन के लिए स्वेच्छा से जन सेवा करने वाले शिक्षित आमजन से आवेदन लिए जाएंगे। स्वास्थ्य मित्रों का चयन जिला स्तर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में समिति का गठन किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर नियुक्त होने वाले स्वास्थ्य मित्रों को बकायदा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण होने के बाद सभी स्वास्थ्य मित्रों को निरोगी राजस्थान अभियान से सम्बन्धित सामग्री भी वितरित की जाएगी। इस सम्बध में मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी सुकुमार कश्यप ने बताया कि 15 मार्च तक इच्छुक पुरूष व महिला स्वास्थ्य मित्र बनने के लिए आवेदन कर सकते है।
यह होगी स्वास्थ्य मित्र की योग्यता व मापदण्डता
* राजस्व ग्राम क्षेत्र या शहरी क्षेत्र में जनता क्लिनिक क्षेत्र के संबंधित वार्ड का मूल निवासी होना।
* आयु सीमा 40 से 60 वर्ष होना।
* सामाजिक/सामुदायिक संगठन के सदस्य को प्राथमिकता।
* परिवार नियोजन के सिद्धान्त को अपनाने वाला।
* किसी भी प्रकार के दुव्र्यसन से दूर रहने वाला।
* नेतृत्व एवं संचार में कुशलता प्राप्त होना तथा समुदाय में लोगों के व्यवहार, जीवन शैली में परिवर्तन करने की क्षमता रखने वाला।
खण्ड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में जमा होंगे आवेदन
योग्यता एवं मापदण्डता में आने वाले कोई भी पुरूष व महिला स्वास्थ्य मित्र बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड कर हार्ड कॉपी में भरकर संबंधित खण्ड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में जमा करवाना होगा। स्वास्थ्य मित्रों के चयन प्रक्रिया, इसके लिए निर्धारित मापदण्ड, प्रशिक्षण, भूमिका एवं दायित्व, प्रोत्साहन वितीय एवं गैर वित्तीय तथा रिपोर्टिंग एव क्षमतावर्धन से संबंधित सभी दिशा-निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को जारी कर दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मित्र की भूमिका व दायित्व
* गांव में नियमित गृह सम्पर्क कर निरोगी राजस्थान का प्रचार-प्रसार करना।
* समुदाय तथा व्यक्तिगत सदस्यों को लघु चलचित्र द्वारा निरोगी राजस्थान के 10 मुख्य क्षेत्रों की जानकारी देना।
* समुदाय को अंगदान के लिए प्रेरित करना।
* समुदाय आधारित समूहों के साथ जुडऩा।
* वी एच एस एन सी को सक्रिय करना।
* आउटरीच गतिविधियां जैसे कि एमसीएचएन दिवस, सास बहु सम्मेलन, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य दिवस तथा मां कार्यक्रम में भागीदारी को लेकर लाभान्वितों को प्रोत्साहित करना।
* परिवार कल्याण सामग्री व आईएफए टेबलेट्स के वितरण में सहयोग करना।
* पूरे दिन के कार्य की जानकारी मोबाइल एप से देना।
* झोलाछाप की जानकारी विभाग को देना।
* प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर होने वाली मासिक बैठक में भाग लेना।
------------------
इनका कहना है
राज्य सरकार की ओर से शुरू किए गए ‘निरोगी राजस्थान अभियान’ के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत व शहरी क्षेत्र में दो-दो स्वास्थ्य मित्र नियुक्त करने है। 15 मार्च तक आवेदन कर सकते है।
सुकुमार कश्यप
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नागौर
Published on:
04 Mar 2020 11:22 am
बड़ी खबरें
View Allकुचामन शहर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
