
कुचामनसिटी. शहर के निकटवर्ती ग्राम चावण्डिया का कांस्टेबल महेन्द्र जाखड़ जिसने अपनी शादी कोरोना के संकट को देखकर स्थगित कर दी है।
घर-परिवार से दूर होकर पुलिसवाले रात-दिन मुस्तैद होकर ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसी मिसाल पेश की है कुचामन शहर के निकटवर्ती ग्राम चावण्डिया के युवक कांस्टेबल महेन्द्र जाखड़ ने। जिसने देश में चल रहे संकट के समय में अपनी शादी को भी स्थगित कर दिया है।
कहते है हर कोई अपने सुखद भविष्य के लिए शादी का सपना संजोया रखता है। ऐसा ही सपनों का कुछ ताना-बाना ग्राम चावण्डिया के कांस्टेबल महेन्द्र जाखड़ ने बुन रखा था। कांस्टेबल जाखड़ इन दिनों में सवाईमाधोपुर के गंगापुर सिटी में पूरी मुस्तैदी से तैनात है। महेन्द्र के परिवार वालो ने उसका विवाह 27 अप्रैल को होना तय कर दिया था, लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए महेन्द्र ने अपनी शादी आगामी समय के लिए टाल दी। कांस्टेबल महेन्द्र ने बताया कि भले ही 14 अप्रैल को लॉक डाउन खत्म हो जाए, लेकिन पुलिस संबंधी उसकी जिम्मेदारियां खत्म नहीं होगी। उसका कहना है कि कोरोना संकट के कारण देश में चिंता का माहौल है तथा इस समय कोरोना से जंग लडकऱ उसे हराना है।
परिवार वालो ने की ली पूरी तैयारियां
महेन्द्र जाखड़ की शादी 27 अप्रैल को तय थी, इसके लिए परिवार वालो ने भी सभी प्रकार की खरीददारी के साथ हलवाई, टेंट व अन्य तैयारियां भी पुरी कर ली थी। कोरोना संकट को देखते हुए कांस्टेबल महेन्द्र ने अपने परिजनों को यह शादी हालात सामान्य होने के बाद करने की बात कही। महेन्द्र के परिवार वालों की इच्छा थी कि यह शादी तय तिथि व मुहूर्त पर हो। महेन्द्र ने जैसे-तैसे कर अपनी शादी आगामी समय में करने को लेकर परिवार वालो को राजी किया। कांस्टेबल महेन्द्र की इच्छा थी कि फर्ज की चाह में उसकी व्यक्तिगत खुशी आड़े नहीं आए।
ससुराल पक्ष को भी मनाया
कांस्टेबल महेन्द्र की सगाई दांता में खींचड़ों की ढ़ाणी के निवासी दयालराम की पुत्री अनिता रणवां के साथ हुई थी, अनिता भी एमएससी में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। महेन्द्र व अनिता की शादी के लिए तिथि तय होने पर अनिता के परिवार वालों ने भी सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर रखी थी। लेकिन महेन्द्र के कहने पर अनिता ने भी अपने परिवार वालों को आगे के समय में शादी करने के लिए मनवाया। कांस्टेबल महेन्द्र के ससुराल पक्ष ने भी इस संकट के समय को देखते हुए इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार कर लिया।
------------------------
इनका कहना है
पहले देश की सुरक्षा का फर्ज, उसके बाद होगी शादी
देश के हर युवक व नागरिक में देश की सुरक्षा का फर्ज का संकल्प होना चाहिए। इसी फर्ज के चलते मैंने मेरी शादी आगामी समय के लिए टाल दी है। इस समय देश में कोरोना का संकट है, ऐसी परिस्थिती में मै कैसे शादी कर सकता हुं। इसलिए मेरी शादी को स्थगित करने का निर्णय लिया है। देश की सुरक्षा प्रथम कर्तव्य है।
महेन्द्र जाखड़ (कांस्टेबल)
निवासी - चावण्डिया, कुचामन सिटी
------------------------
ड्यूटी के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का यह संदेश पुलिस जवानों के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत
कांस्टेबल महेन्द्र जाखड़ होनहार है, उसके द्वारा ड्यूटी को प्राथमिकता देते हुए शादी टालने का निर्णय निश्चित ही सराहनीय है, ड्यूटी के प्रति कर्तव्यनिष्ठा का यह संदेश पुलिस जवानों के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत है।
जगदीश भारद्वाजए थानाप्रभारी, उदेईमोड़, गंगापुर सिटी
कुचामनसिटी. शहर के निकटवर्ती ग्राम चावण्डिया का कांस्टेबल महेन्द्र जाखड़ जिसने अपनी शादी कोरोना के संकट को देखकर स्थगित कर दी है।
Published on:
7 Apr 2020, 5:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.