
कुचामन के मोतीरामजी की कोठी में युवक के आत्महत्या करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच कर शव को उतारकर राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पोस्टमार्टक के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतीरामजी की कोठी निवासी अंकित शर्मा सूरत की एक फैक्ट्री में काम करता था और परिवार सहित सूरत ही रहता था। १७ मई को छूट मिलने पर वह परिवार सहित कुचामन अपने घर आया था। जहां वह क्वॉरंटाइन में अपने परिवार के साथ ही घर के प्रथम मंजिल पर रह रहा था। आज सुबह नो बजे दोनों पति-पत्नी में बातचीत हुई और उसके बाद पिता पवन शर्मा से भी बोलचाल हो गई। इस दौरान पिता घर से बाहर चले गए। पत्नी घर में कार्य कर रही थी और अंकित रस्सी लेकर पहली मंजिल पर बने कमरे में गया और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थोड़ी देर बाद पत्नी कमरे में गयी तो अंकित फंदे पर झूलता हुआ मिला। इस पर वह जोर से चिल्लाई तो पड़ौसी भागकर वहां पहुंचे। लेकिन तब तक अंकित की मौत हो चुकी थी। इस पर मौहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी जुटाई और शव को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस ने फांसी लगाने वाले कमरे में तलाशी ली लेकिन वहां कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अंकित के आत्महत्या करने के बाद उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौहल्ले के लोकेन्द्रसिंह ने उसके मृतक के पिता पवन शर्मा को इत्तला दी। गौरतलब है कि आत्महत्या के समय घर में केवल मृतक और उसकी पत्नी ही मौजूद थे। मृतक की मां २-३ दिन से रिश्तेदारों के घर गई हुई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता पवन शर्मा ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि मौहल्ले के लोकेन्द्रसिंह ने अंकित के फांसी लगाने की सूचना दी है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की।
Published on:
2 Jun 2020, 2:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.