लखीमपुर खीरी. एक ओर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 2019 में फतेह हासिल करने की तैयारी में जुटा है, वहीं दूसरी ओर यूपी सरकार के विधायक क्षेत्र में अपनी गुंडई दिखाने से बाज नहीं आ रहे। सरकार की लाख नसीहतों के बाद भी भाजपा के विधायक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला लखीमपुर खीरी के श्रीनगर विधायिका मंजू त्यागी से जुड़ा है। मंजू त्यागी ने भाषा की सारी मर्यादाओं को लांघते हुए इंस्पेक्टर फूलबेहड़ को जूतों से मारने की बात कह डाली। मंजू त्यागी यहीं नहीं रुकी उनका कहना है कि वह किसी से भी नहीं डरती और कोतवाल को उनके हिसाब से काम करना पड़ेगा।
दरअसल श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी और इंस्पेक्टर फूल बेहड़ विद्याराम दिवाकर के बीच हुई तीखी बातचीत का ऑडियो सोशल साइट पर वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक रामलाल वर्मा ने विधायिका के कहने पर इंस्पेक्टर फूलबेहड़ को लाइन हाजिर भी कर दिया। मंजू त्यागी का कहना है कि अपने कार्यकर्ता के लिए उन्हें किसी अधिकारी से किसी भी भाषा में बात करना पड़े तो वह तनिक भी परहेज नहीं करेंगी। उन्होंने इंस्पेक्टर फूलबेहड़ को फोन पर ही पागल तक कह डाला। सवाल यह है कि विधायिका मंजू त्यागी क्या जूते की नोक पर पुलिस महकमे को चलाना चाहती हैं। विधायक की बदतमीजी का आडियो अब सोशल साइट पर खूब वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि मंजू त्यागी इससे पूर्व भी अपनी बदतमीजियों के चलते सुर्खियों में रह चुकी हैं।
श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी द्वारा फोन पर इंस्पेक्टर से इस तरह से अभद्र भाषा में बात करने का ऑडियो वायरल होने के बाद एसपी द्वारा इंस्पेक्टर फूलबेहड़ को ही लाइन हाजिर कर देने पर पुलिस महकमे में काफी नाराजगी है। दबे में विभाग के लोग एसपी की इस कार्यवाही से नाराज भी दिखे।