
महागठबंधन की हकीकत सब जान चुके हैं : बृजेश पाठक
लखीमपुर-खीरी. महागठबंधन की हकीकत सब जान चुके हैं। उनके शासन में हुए घोटालों का राज हर जुबान पर है। यह बातें यहां उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक ने कही। यहां पर एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। सभा संबोधन के बाद उन्होंने यहां चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया।
कस्बे के जिला पंचायत इंटर कालेज के मैदान में आयोजित युवा कार्यकर्ता सम्मेलन के संबोधन में मुख्य अतिथि बृजेश पाठक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश ने मिलकर जितना विकाश कार्य किया वह धरातल पर दिख रहा है। उज्ज्वला योजना से हर घर में रसोई गैस पहुंच गई है। अब प्रत्येक घर धुंआ से मुफ्त हो गया है। किसी के घर चूल्हा व डिबरी नहीं जलती है। इसके अलावा गरीबों को आयुषमान योजना के अंतर्गत कार्ड दिया गया है जिससे वह पांच लाख रुपये का इलाज किसी भी अस्पताल में जाकर करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों का जाल बिछाने में केंद्र सरकार ने अहम भूमिका निभाई है, जिससे गांव व शहर की दूरी काफी हद तक कम हुई है। भाजपा शासन के भय से गुंडे, बदमाश, डकैत,चोर व भू माफियाओं ने अपना रवैया बदल लिया। जिससे अपराध पर काफी हद तक अंकुश भी लगा है। सभा के सम्बोधन में सांसद अजय मिश्रा टैनी ने कहा कि खीरी जिला बाढ़ के पानी से प्रभावित हुआ करता था। नेपाल से आने वाला पानी जनपद की तीन तहसीलों को प्रभावित कर काफी नुकसान करता था जिसे रोके जाने के लिए मित्र देश से मिलकर बाढ़ जैसी बड़ी समस्या का हल निकाला गया है।
Published on:
30 Mar 2019, 8:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.