
योगी सरकार बदलने जा रही है एक और जगह का नाम, जल्द होगा ऐलान
लखीमपुर खीरी. अब मोहम्मदी तहसील मुख्यालय का नाम बहुत जल्द ही बदलने वाला है। मोहम्मदी के स्थान पर नए नाम पर जोरों से विचार चल रहा है। वैसे नया नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय हो सकता है। जिसे राजस्व परिषद ने मंजूरी के लिये भेज दिया है। विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान मोहम्मदी के नाम को बदलने को लेकर सियासत शुरू हुई थी।
बीजेपी विधायक ने किया था वादा
मोहम्मदी क्षेत्र से भाजपा के विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने चुनाव प्रचार के दौरान मोहम्मदी क्षेत्रवासियों से यह वादा किया था कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो मोहम्मदी का नाम जरूर बदलेगा। उस समय चुनाव के दौरान बतौर स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने भी मंच से मोहम्मदी का नाम बदलने की बात कही थी। इसके बाद नाम बदलने कवायद भी तेज हो गई थी। विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने मोहम्मदी के नाम को बदलने को लेकर शासन को कई पत्र लिखे। लेकिन राजस्व परिषद के सचिव लखनऊ मंडलायुक्त को इस बारे में पत्र भेजने के बाद भी वह अब तक ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। लेकिन अब वह अचानक सुर्खियों में आ गया है। पत्र में कहा गया है कि मोहम्मदी का नाम बदलने के लिए मंजूरी ली जा रही है।
नाम बदलने के चल रहे प्रयास
वहीं विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हम मोहम्मदी का नाम बदलवाने का प्रयास कर रहे हैं। चुनाव दौरान हमने जनता से दो वादे किए थे। पहले वादा मोहम्मदी का नाम बदलने का और दूसरा मोहम्मदी को जिला बनाने का वादा। पहला वादा पूरा होने जा रहा है। मोहम्मदी का नाम बदलकर अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर किया जाएगा। जल्द ही इसे जिला बनाने की भी मांग की जाएगी।
नाम बदलने से बदलेंगे हालात?
वहीं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल ने कहा कि नाम बदलने से क्या हालात बदलते हैं। मोहम्मदी के हालात आज भी बद्तर स्थिति में है। भाजपा सरकार यह क्यों नहीं बता पा रही है कि दशकों से चले आ रहे नाम से उसे क्या आपत्ति है। सिर्फ भ्रमित करने का खेल है। 2019 के चुनाव में जनता इनके झांसे में नहीं आएगी।
Updated on:
02 Aug 2018 11:09 am
Published on:
02 Aug 2018 10:47 am

बड़ी खबरें
View Allलखीमपुर खेरी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
