
मंगल से शुरू होकर मंगल को ही खत्म होगा साल 2019, शताब्दी में तीसरी बार आया ऐसा कैलेंडर
लखीमपुर खीरी. इस बार नववर्ष 2019 दिन मंगलवार से प्रारम्भ होकर मंगलवार के दिन को ही समाप्त होगा। ऐसे दिनों एवं तारीखों से संजोये हुए नववर्ष 2019 का संपूर्ण कैलेंडर इस शताब्दी में पहली बार ही नहीं आएगा। ऐसे संयोगों से युक्त यह कैलेंडर इस शताब्दी में तीसरी बार आया है। इस शताब्दी में यह कैलेंडर वर्ष 2002 में पहली बार और वर्ष 2013 में दूसरी बार आया था।
ग्यारह बार दोहराया जाएगा 2019 का कैलेंडर
इक्कीसवी शताब्दी में नववर्ष 2019 का यह कैलेंडर कुल ग्यारह बार दोहराया जायेगा। आगामी वर्षों में यह कैलेंडर वर्ष 2030, 2041, 2047, 2058, 2069, 2075, 2086 और 2097 में दोबारा अवलोकित होगा। विगत शताब्दी में भी इस कैलेंडर की पुनरावृत्ति ग्यारह बार वर्ष 1901, 1907, 1918, 1929, 1935, 1946, 1957, 1963, 1974, 1985 एवं 1991 में हुई थी।
2019 सामान्य वर्ष
नव वर्ष 2019 सामान्य वर्ष है, जिसमें फरवरी 28 दिनों की होगी। एक सामान्य वर्ष के कैलेंडर की पुनरावृत्ति एक ही शताब्दी वर्ष में छठवें या ग्यारहवें वर्षों के बाद आने की सम्भावना रहती है। एक सामान्य वर्ष 365 दिनों का होता है, जिसमें 52 सप्ताहों के साथ एक दिन और भी होता है। इसी वजह से एक सामान्य वर्ष की शुरुआत जिस दिन से होती है, उसी दिन पर उस वर्ष की समाप्ति भी होती है। नववर्ष 2019 भी 1 जनवरी दिन मंगलवार से प्रारंभ होकर 31 दिसंबर दिन मंगलवार को ही समाप्त होगा। किसी वर्ष की शुरुआत 1 जनवरी से जिस दिन से होती है उसी दिन से उस कलेंडर की भी शुरूआत होती है, जिस तरह से दिन सात ही प्रकार के होते हैं। वैसे ही सामान्य वर्ष के कलेंडर भी केवल सात ही प्रकार के होते हैं। इसी तरह लीपि वर्ष के भी सभी कलेंडर केवल सात ही प्रकार के होते हैं। कुल मिलाकर सभी कलेंडर केवल 14 प्रकार के ही होते हैं। किसी भी कैलेंडर के दोहराने की प्रक्रिया पूरी तरह से एक सामान्य गणितीय प्रक्रिया होती है।
ये है कैलेंडर की पूरी गणित
ऐसे ही रोचक तथ्यों को लखनऊ पब्लिक स्कूल के गणित अध्यापक अतुल सक्सेना ने अपनी स्वनिर्मित अंक कोड कैलेंडर की सारणियों के विश्लेषण के आधार पर प्रस्तुत किए। नव वर्ष 2019 के लिए यह अंक कोड मुंहजुबानी कलेंडर भी बन सकता है। नववर्ष 2019 के लिए अंक कोड 144025036146 है, जो क्रमश: जनवरी से दिसंबर तक बारह महीनों के 12 अंक हैं। किसी तारीख में माह का कोड जोड़कर सात से भाग करने पर जो शेषफल आता है, वही उस दिन का अंक कोड होता है। शून्य से छह तक के यह अंक कोड क्रमश: दिन रविवार से शनिवार तक को बताते हैं। जैसे 26 जनवरी 2019 का दिन जानने के लिए 26 में जनवरी के अंक को 1 को जोडऩे पर प्राप्त योगफल 27 को सात से भाग करते हैं तो भागफल 3 और शेषफल 6 आता है। शेषफल 6 का अंक शनिवार का दिन होने का बोध कराता है।
Published on:
26 Dec 2018 10:07 am
बड़ी खबरें
View Allलखीमपुर खेरी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
