ललितपुर

पुलिस की वर्दी पहन यह टप्पेबाज बनाता था व्यापारियों को बेवकूफ, आखिर में हुआ पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश समेत आस-पास के क्षेत्रों में कर चुका है कई टप्पेबाजियां

2 min read
Jun 24, 2018
Fake Police

ललितपुर. कहते हैं कि अपराधी कितना ही शातिर क्यों ना हो मगर कानून के लंबे हाथों से वह नहीं बच सकता। ऐसा ही एक अन्तर्राजीय टप्पेबाज पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह अपनी गाड़ी पर पुलिस की नेम प्लेट लगाकर अपने आप को पुलिस वाला बताकर लोगों से टप्पेबाजियां करता था। दुकानों पर जाकर वहां से सामान लेकर आना उसके बाएं हाथ का खेल था। कस्बा तालबेहट सहित बानपुर, महोबा, टीकमगढ समेत विभिन्न स्थानों पर टप्पेबाजी कर लाखों का माल उड़ाने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। उसके टप्पेबाज की तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी, जिन्हें सार्वजनिक रूप से पब्लिक के बीच में सार्वजनिक किया गया था। पुलिस कप्तान के निर्देशन में काम कर रही टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पुलिस कप्तान डा0 ओ0 पी सिंह के निर्देशन में अपर एसपी अवधेश विजेता के नेतृत्व में सीओ विनोद सिंह तथा कोतवाली सभाजीत मिश्र की टीम टप्पेबाज की तलाश कर रही थी। तभी शनिवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि टप्पेबाज हाइवे तिराहे के समीप मौजूद है। सटीक सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सभाजीत मिश्र ने पुलिस बल के साथ आरोपी की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी समीर अली पुत्र कालू खां उर्फ नासिर अली निवासी अमन कालोनी भोपाल ने बताया कि उसने महोबा, टीकमगढ, सागर, तालबेहट व बानपुर में भी टप्पेबाजी की घटनाएं की है। अभियुक्त के पास से पुलिस ने चार जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी नाक की कील सहित अन्य जेवरात बरामद किए गए।

पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने अपाचे बाईक भी बरामद की। गिरफ्तार करने वाली टीम में कस्बा इंचार्ज बृजेश कुमार, का0 रमेश शुक्ला, का0 अयूब खान आदि रहे। सोशल मीडिया पर टप्पेबाज की लगातार फोटो वायरल होने से पुलिस को पकड़ने में आसानी हुई। आरोपी पुलिस की वर्दी भी अपने साथ रखता था। रौबदार मूंछ और पुलिसिया बातचीत के अलावा टप्पेबाज बाइक पर पुलिस का निशान बनाए हुआ था।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ओपी सिंह का कहना है कि जनपद में दो टप्पेबाजी की घटनाएं सामने आई थी। इन घटनाओं में टप्पेबाज की तस्वीर सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई थी, जिसकी मदद से हमने टप्पेबाज की तस्वीरों को भी पब्लिक के बीच में सार्वजनिक किया था, जिससे हमें काफी मदद मिली। मुखबिर की सूचना के अनुसार टप्पेबाज को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का माल बरामद किया है।

Published on:
24 Jun 2018 08:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर