
Huawei की टॉप अधिकारी कनाड़ा में गिरफ्तार, अमरीका-चीन में बढ़ सकती है तनातनी
नई दिल्ली। चीन की दिग्गज टेलीकॉम और स्मार्टफोन निर्माता कंपनी हुआवेई (Huawei) के मालिक रेन झेंगफी की बेटी और कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी मेंग वांझोऊ को एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में कनाडा में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वांझोऊ को अमरीकी व्यापार नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वांझोऊ के अमरीका प्रत्यर्पण की तैयारी शुरू हो गई है। वांझोऊ की गिरफ्तारी पर चीन ने नाराजगी जताई है। संभावना जताई जा रही है कि इस कदम से अमरीका और चीन के बीच तनातनी और बढ़ सकती है।
अमरीका के निशाने पर है हुआवेई
चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी हुआवेई पहले से ही अमरीका के निशाने पर बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमरीकी सरकार ने सभी कार्यालयों में हुआवेई के उत्पादों के इस्तेमाल पर रोक लगा रखी है। अमरीका का मानना है कि कंपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती है। यही कारण है कि कंपनी पर यूएस इंटेलिजेंस के अधिकारी लगातार नजर बनाए हुई।
चीन ने जताया विरोध
उधर, कनाड़ा में चीनी दूतावास ने हुआवेई के मुख्य वित्तीय अधिकारी मेंग वांझोऊ को रिहा करने के लिए कहा है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, गुरुवार को हुआवेई ने अपने अधिकारी की ओर से कोई भी गलत काम किए जाने की बात से इनकार किया है। चीनी दूतावास ने बयान में कहा है कि चीनी पक्ष इसका पुरजोर विरोध करता है और इस तरह के काम का दृढ़ता से विरोध करता है जो पीड़ितों के मानवाधिकारों को गंभीरता से नुकसान पहुंचाता है। बयान में कहा गया कि चीनी पक्ष ने अमेरिका और कनाडाई पक्ष के सामने सख्ती से विरोध दर्ज कराया है और उनसे आग्रह किया कि वे गलत काम को तुरंत सही करें और मेंग वानझोउ की व्यक्तिगत स्वतंत्रता बहाल करें।
Updated on:
6 Dec 2018, 2:16 PM IST
Published on:
6 Dec 2018, 2:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.