
नई दिल्ली। दुनिया की फेमस फास्ट फूड चेन कंपनी मैकडोनाल्ड ने अपने सीईओ स्टीव ईस्टरब्रुक को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। कंपनी ने जानकारी देते हुए बताया कि वह अपनी कंपनी के कर्मचारी के साथ संबंध रखते थे, जिसके कारण कंपनी ने उन्हे सीईओ के पद से हटा दिया है। इसके साथ ही उन पर कंपनी की नीति के उल्लंघन करने का भी आरोप लगा है।
केम्पजिंस्की को बनाया सीईओ
आपको बता दें कि कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि मैकडोनाल्ड के अमरीका श्रृंखला के अध्यक्ष क्रिस केम्पजिंस्की को कंपनी का नया सीईओ नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें निदेशक मंडल में भी चुना गया है। ईस्टरब्रुक 2015 से कंपनी के सीईओ थे।
नीतियों का किया उल्लंघन
इस संबध में कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि ईस्टरब्रुक ने एक गलत निर्णय लिया, जिसके कारण उनको कंपनी से हटाया गया है। उन्होंने अपनी ही कंपनी के एक कर्मचारी के साथ संबध रखा और इसके साथ ही कंपनी की नीतियों का उल्लंघन किया है। मैकडोनाल्ड ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष एवं सीईओ स्टीव ईस्टरब्रुक ने गलत निर्णय लिया क्योंकि मैकडोनाल्ड प्रबंधकों को अपने सहायक कर्मचारियों के साथ प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष तौर पर रूमानी संबंध रखने से रोकता है।
ईस्टरब्रुक ने स्वीकार की गलती
इस बीच, ईस्टरब्रुक ने कर्मचारियों को ईमेल किया जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि उनके एक कर्मचारी के साथ संबंध थे और यह एक गलती थी। ईस्टरब्रुक ने ईमेल में कहा कि कंपनी के मूल्यों को देखते हुए मैं बोर्ड की इस बात से सहमत हूं कि अब मेरा यहां से जाने का वक्त आ गया है। मैकडोनाल्ड के निदेशक मंडल ने पूरी तरह से समीक्षा करने के बाद शुक्रवार को ईस्टरब्रुक के निष्कासन के पक्ष में मतदान किया।
कंपनी के बोर्ड को भी छोड़ेंगे
कंपनी के एक प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि ईस्टरब्रुक के जाने के बारे में संघीय फाइलिंग में आज जारी किया जाएगा। इसके साथ ही खबरें आ रही हैं कि वह कंपनी बोर्ड को भी छोड़ देंगे। इसके साथ ही कंपनी ने उस कर्मचारी के बारे में जानकारी देने से इनकार किया जिसके साथ ईस्टरब्रुक के संबंध थे।
सवालों का जवाब देने से किया इनकार
आपको बता दें कि ईस्टरब्रुक के एक वकील ने भी सवालों के जवाब नहीं दिए। निदेशक मंडल ने केम्पजिंस्की को कंपनी का नया अध्यक्ष और सीईओ बनाने की अनुशंसा की है। वह मैकडोनाल्ड की अमेरिका चेन के अध्यक्ष थे। बोर्ड के अध्यक्ष एनरिक हर्नांडेज ने कहा कि केम्पजिंस्की 2015 में मैकडोनाल्ड में शामिल हुए थे। अमरीका में लगभग 14,000 मैकडोनाल्ड रेस्तरां खोलने का श्रेय उन्हें जाता है।
Updated on:
04 Nov 2019 11:14 am
Published on:
04 Nov 2019 11:13 am
बड़ी खबरें
View Allकॉर्पोरेट वर्ल्ड
कारोबार
ट्रेंडिंग
