7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कान में ईयरबड्स फटे, महिला की सुनने की क्षमता गई, क्या आप भी कर रहे हैं ये गलती?

Earbuds Blast in Ear: कान में ईयरबड्स फटने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। ईयरबड्स ब्लास्ट से सुनने की क्षमता कैसे प्रभावित होती है और इससे बचाव के तरीके जानिए।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Feb 07, 2026

Earbuds Blast in Ear

Earbuds Blast in Ear (Image Source: ChatGPT)

Earbuds Blast in Ear: आज के डिजिटल युग में ईयरबड्स और वायरलेस हेडफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं। कॉल, म्यूजिक, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो हर जगह इनका इस्तेमाल आम हो गया है। लेकिन हाल ही में तुर्की से सामने आई एक घटना ने ईयरबड्स की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

तुर्की में एक महिला के कान में ईयरबड्स अचानक फट गए, जिससे उसकी सुनने की क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा। यह मामला तब सामने आया जब संबंधित ब्रांड के कम्युनिटी फोरम पर एक यूजर ने दावा किया कि उसकी गर्लफ्रेंड के कान में ईयरबड्स इस्तेमाल के दौरान ब्लास्ट हो गए।

घटना के बाद कंपनी की ओर से बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि जांच के बावजूद ब्लास्ट की ठोस वजह का पता नहीं चल सका। इस जवाब के बाद दुनिया भर में लाखों ईयरबड यूजर्स की चिंता और बढ़ गई है।

क्यों हो सकता है ईयरबड्स से खतरा?

विशेषज्ञों के अनुसार, ईयरबड्स लंबे समय तक इस्तेमाल, नमी, पसीना, गंदगी, चार्जिंग में लापरवाही और तकनीकी खराबी के कारण ओवरहीट हो सकते हैं। कुछ मामलों में बैटरी या सर्किट में खराबी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

डॉ. विवेक कुमार पाठक, सीनियर ईएनटी कंसल्टेंट के मुताबिक, आज के समय में ईयरबड्स का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करना मुश्किल है, लेकिन सावधानियां बरतकर जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

ईयरबड्स इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • लंबे समय तक लगातार इस्तेमाल से बचें।
  • घंटों तक ईयरबड्स लगाए रखने से सुनने की क्षमता पर बुरा असर पड़ता है।
  • 60/60 नियम अपनाएं - 60 डेसिबल आवाज पर 60 मिनट से ज्यादा न सुनें।
  • बीच-बीच में ब्रेक लेकर कानों को आराम दें।

डिवाइस को साफ और सूखा रखें

पसीना, नमी, कान की मैल और धूल डिवाइस के अंदर जाकर खराबी पैदा कर सकती है।

  • ईयरबड्स को सूखे, मुलायम कपड़े से साफ करें।
  • अल्कोहल, तेल या घरेलू केमिकल का इस्तेमाल न करें।

ईयरबड्स को रातभर चार्ज पर न छोड़ें, इससे बैटरी खराब होने और हादसे का खतरा बढ़ सकता है।

शरीर के संकेतों को न करें नजरअंदाज

  • अगर कान में जलन, खुजली, ज्यादा गर्माहट महसूस हो, तो तुरंत ईयरबड्स निकाल दें।
  • समस्या होने पर तुरंत ईएनटी डॉक्टर से सलाह लें।
  • नियमित रूप से कानों की सफाई और जांच जरूरी है।

क्यों जरूरी है सतर्कता?

डिजिटल डिवाइस सुविधा के साथ जोखिम भी लाते हैं। ईयरबड्स से जुड़ी ऐसी घटनाएं भले ही दुर्लभ हों, लेकिन लापरवाही भारी नुकसान पहुंचा सकती है। थोड़ी सी सावधानी न सिर्फ आपकी सुनने की क्षमता बचा सकती है, बल्कि बड़े हादसे से भी बचाव कर सकती है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक जानकारी और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या में डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।