
Kuttu Atta News (photo- gemini ai)
Kuttu Atta News: देशभर में नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है, लेकिन इस बीच मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थ लोगों की सेहत पर खतरा बन रहे हैं। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से मंगलवार सुबह ऐसा ही मामला सामने आया, जहां कुट्टू का आटा खाने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोग बीमार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, जहांगीरपुरी और आसपास के इलाकों में 150 से 200 लोगों ने उल्टी और बेचैनी की शिकायत की। सभी मरीजों को बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और किसी को भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लोगों को सतर्क करने के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट शुरू किया। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों को जागरूक किया जा रहा है, वहीं खाद्य विभाग को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है ताकि आटे की गुणवत्ता और सप्लाई चेन की जांच की जा सके।
बीजेआरएम अस्पताल की टीम के अनुसार, त्योहारों के समय अक्सर कुट्टू के आटे जैसी चीजों की मांग बढ़ जाती है। डॉ. मीरा पाठक ने बताया कि जब सप्लाई कम और मांग ज्यादा होती है तो मिलावट की समस्या सामने आती है। कई बार कुट्टू के आटे में बाजरा या मैदा मिला दिया जाता है। इसके अलावा पुराना आटा, जिसमें धूल या बैक्टीरिया हो, उसे भी ताजा पैकिंग करके बाजार में बेच दिया जाता है।
गोदामों में नमी के कारण भी आटा खराब हो सकता है, जिससे फंगस और बैक्टीरिया पैदा हो जाते हैं। ऐसे दूषित आटे से उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं, कुछ लोगों को एलर्जी होने पर खुजली और चकत्ते भी हो सकते हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि स्वास्थ्य सुरक्षित रखने के लिए कुछ सावधानियां बेहद जरूरी हैं। हमेशा सील पैक और ब्रांडेड आटा ही खरीदें। पैकेट की एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें। खुला आटा खरीदने से बचें। एक बार में ज्यादा आटा न खरीदें, कम मात्रा में ताजा आटा लेना बेहतर है। नवरात्रि में उपवास के दौरान कुट्टू का आटा बड़ी संख्या में खाया जाता है, ऐसे में लोगों को जागरूक रहना चाहिए। थोड़ी सी सावधानी से मिलावटी और खराब आटे से होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है।
Published on:
23 Sept 2025 07:08 pm
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
