
बंदना कुमारी
बेंगलूरु. आइटी सिटी में इन दिनों भीषण गर्मी अपना रंग दिखा रही है। जैसे-जैसे पारा चढ़ रहा है, शहरवासियों ने खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए प्राकृतिक पेय पदार्थों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। बाजार में इन दिनों नारियल पानी की मांग सबसे अधिक है और यह लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। इसके बाद दूसरे स्थान पर लोग गन्ने का रस और संतरे का जूस पसंद कर रहे हैं, जबकि दही, छाछ और लस्सी का उपयोग भी काफी बढ़ गया है।
शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, मॉल और शिक्षण संस्थानों के बाहर नारियल पानी के अस्थायी ठेलों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों से लेकर शाम को ऑफिस से घर लौटने वालों तक, इन दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा सकती है। इसके अलावा गली-मोहल्लों में भी ठेले वाले घूम-घूमकर लोगों को गर्मी से निजात दिला रहे हैं। बिक्री का आलम यह है कि जहां पहले दिनभर में सीमित नारियल बिकते थे, वहीं अब दुकानदार रोजाना 70 से 80 नारियल आसानी से बेच रहे हैं। नारियल के आकार के आधार पर इसकी कीमत 25 रुपए से लेकर 60 रुपए तक है। मांग बढ़ने से विक्रेताओं की आमदनी में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई है।राजाजीनगर के नारियल पानी विक्रेता कृष्णमूर्ति ने बताया कि वैसे तो इसकी डिमांड साल भर रहती है, लेकिन इस साल बेंगलूरु की रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के कारण बिक्री में जबरदस्त उछाल आया है। उन्होंने बताया कि स्टॉक की कमी न हो, इसके लिए मंड्या के बाजारों से विशेष रूप से नारियल मंगवाए गए हैं। वहीं, शिवाजीनगर के विक्रेता बाबू का कहना है कि नारियल पानी डिहाइड्रेशन को दूर करने का सबसे शुद्ध और स्वादिष्ट साधन है, जो कई बीमारियों से भी बचाता है। उन्होंने बताया कि ग्राहकों की मांग को पूरा करने के लिए तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल के विभिन्न हिस्सों से नारियल मंगवाए जा रहे हैं। गर्मी से बेहाल ग्राहक भी मानते हैं कि अन्य कृत्रिम शीतल पेयों की तुलना में नारियल पानी सेहत के लिए कहीं अधिक फायदेमंद और सुरक्षित है।
मौसमी फलों की मांग तेज
धूप और बढ़ते तापमान से परेशान लोग शरीर को हाइड्रेट करने को मौसमी फलों का खूब सेवन करने लगे हैं। बाजार में गर्मियों के फल खूब बिक रहे हैं। तरबूज, खरबूजा, संतरा आम, खीरा, पपीता जैसे फलों की बिक्री बढ़ गई है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए इन फलों को खरीद रहे हैं, जिससे इनकी मांग बढ़ी है। हर इलाके में सड़क किनारे की रेहडि़यों पर भी फ्रूट सलाद की मांग बढ़ गई है। इसके लिए लोगों की लंबी कतार भी लग रही है। वहीं, गर्मी में लू की चपेट में आने से बचने के लिए कच्चे आम का आम पन्ना बनाकर भी ले रहे हैं। घरों में सुबह के नाश्ते और खाने में ठंडे फल और खीरा, टमाटर, नींबू के सलाद का उपयोग भी बढ़ गया है। बच्चों व कामकाजी लोगों के टिफिन में भी ठंडे फलों को शामिल किया गया है।
Published on:
21 Apr 2026 06:01 pm
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
