
Rain
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली है। अचनाक आई आंधी तूफान ने बीते दो दिनों में प्रदेश भर में 13 लोगों की जान ले ली है। कई मकान ध्वस्त हुए हैं तो कई मवेशी भी आंधी की चपेट में आ गए हैं। सीएम योगी ने इसका संज्ञान लिया है और त्वरित राहत पहुंचाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस पर जानकारी देते हुए प्रदेश राहत आयुक्त जी एस प्रियदर्शी ने शुक्रवार को बताया कि 12 जून को आयी आंधी से 13 लोगों की मौत हो चुकी है। एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है, वहीं 22 मवेशी भी आंधी की चपेट में आ गये हैं। इसी के साथ ही प्रदेश भर में 93 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 13 लोग जिनकी मौत हुई है, उनमें सबसे अधिक चार लोग सिद्धार्थनगर के हैं। देवरिया में तीन व बलिया में दो लोग आंधी तूफान की भेंट चढ़ गए हैं। उन्होंने बताया कि जान गवाने वालों में लखीमपुर खीरी, अयोध्या, सोनभद्र व कुशीनगर के एक-एक निवासी भी शामिल हैं।
सीएम योगी ने जताया शोक-
आंधी-तूफान व आकाशीय बिजली से जुड़ी घटनाओं में हुई 13 लोगों की मृत्यु पर सीएम योगी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने सभी जिलाकारियों को तुरंत प्रभावित इलाकों में सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि राहत कार्यों में शिथिलिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुआवजे का किया ऐलान-
सीएम योगी ने प्राकृतिक आपदा में मारे गए लोगों के परिवारवालों के लिए चार-चार लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि सीएम योगी का कहना है कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार इस आपदा से प्रभावित हुए लोगों के साथ है व उनकी हर सम्भव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को जन हानि, पशु हानि एवं मकान क्षति से प्रभावित व्यक्तियों को राज्य आपदा मोचक निधि के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वित्तीय मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले खत्म हुए 20 से ज्यादा मौतें-
इससे पहले 6 जून की रात आए आंधी-तूफान ने अलग-अलग जिलों में 26 लोगों की जान ले ली थी, जबकि 57 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। कई पेड़ जड़ से उखड़ गए थे। वहीं कुछ मकान भी क्षतिग्रस्त हुए। उस रात केवल मैनपुरी में सबसे अधिक 6 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं कासगंज, मुरादाबाद, महोबा, हमीरपुर, फर्रुखाबाद, बदायूं और पीलीभीत में भी कई लोगों की जानें गई थीं।
16 को फिर आएगी आंधी तूफान-
मौसम विभाग ने लोगों को आगाह करते हुए प्रदेश में 16 जून को फिर से अलग-अलग जिलों में आंधी-पानी आने की संभावना जताई है। 15 और 16 जून को पूर्वी व पश्चिमी यूपी के कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी चलने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Published on:
14 Jun 2019, 9:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.