इस दौरान अनस ने बताया कि मेरा पासपोर्ट पुराना था जिसका नवीनीकरण होना था जबकि पत्नी का नया पासपोर्ट बनना था। हम काउंटर सी पर पहुंचे तो वहां मौजूद अफसर ने बेहद आक्रामक और अभद्र भाषा में बात की। मेरी पत्नी के नाम और धर्म को लेकर पूछताछ शुरू कर दी और सहायक पासपोर्ट अधिकारी से बात करने को कहा। जब उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसे मामले आते रहते हैं और इसके लिए किसी विशेष प्रक्रिया की जरूरत नहीं है। इस दौरान काउंटर सी पर मौजूद अफसर ने मुझे बुलाकर मेरी फ़ाइल मांगी और मुझे कहा कि आपकी पत्नी का नाम तन्वी सेठ है। अपना धर्म परिवर्तन करो, मन्त्र पढ़ो, फेरे लो तब पासपोर्ट बनेगा। तन्वी ने कहा कि संभव है कि इस तरह के विवाहों को लेकर उनकी कोई व्यक्तिगत धारणा रही हो। जो हमारे साथ हुआ, वह अब और किसी के साथ नहीं होना चाहिए। हमें शादी को 11 साल से अधिक हो गया लेकिन हमें कभी ऐसा अनुभव नहीं हुआ।