
Ajay Kumar Lallu
लखनऊ. हाथरस मामले को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को एक बार फिर इसे लेकर सीएम योगी पर हमला किया व कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बने रहने का कोई अधिकार नहीं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अराजकता का बोलबाला है। यहां कानून का राज खत्म हो चुका है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में बेटियों पर अत्याचार किया जा रहा है। कहीं उन्हें तेजाब से नहलाया जा रहा है कहीं जिंदा जलाया जा रहा है तो कहीं उन्हें मारकर फंदे से लटका दिया जा रहा है, सिगरेट से दागा जा रहा है। सोचिए यहां बेटियां किस भय के बीच जी रही हैं। पूरा प्रदेश जंगलराज में तब्दील हो गया है। उत्तर प्रदेश में रोजाना 11 रेप के मामले दर्ज हो रहे हैं। हाथरस की बेटी को अभी न्याय भी नहीं मिला था कि बलरामपुर में एक बेटी से हैवानियत हो गई। इसके अलावा बुलंदशहर, पीलीभीत, उन्नाव, हरदोई, शाहजहांपुर और पीलीभीत जैसे तमाम शहरों में रेप की घटनाओं ने रोंगटे खड़े कर दिए।
उन्होंने कहा कि हाथरस में पहले दिन से ही साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया जा रहा है। पहले छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया और फिर जब कांग्रेस पार्टी ने आंदोलन किया तब जाकर रेप का मुकदमा दर्ज किया गया। फिर भी आरोपियों को बचाने का प्रयास किया गया। उन्हें पूरी छूट दे रखी थी, कांग्रेस के आंदोलन के बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मुख्यमंत्री पर वार-
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री हिंदू धर्म के रक्षक हैं। धर्म की दुहाई देते थे। मठ के मठाधीश हैं फिर ऐसा क्या हुआ कि आपकी पुलिस को रात के अंधेरे में अंतिम संस्कार करना पड़ा। एक पिता बेटी को मुखाग्नि नहीं दे सका। भाई बहन की अंत्येष्ठि में शामिल नहीं हो पाया। क्या कारण था कि बेटी को रात के अंधेरे में जला दिया? इसके लिए जनता आपको कभी माफ नहीं करेगी। ऐसा मुख्यमंत्री की शह पर किया क्या। कोई अकेला अधिकारी ऐसा निर्णय नहीं लेता सकता था।
प्रतिबंध पर नाराजगी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाथरस जाने में जिस तरीके से मीडिया और राजनीतिक लोगों के जाने पर प्रतिबंध लगाया गया। यह समझ से परे है। आखिर सरकार क्या छिपाना चाहती है। पुलिस रात में मेरे घर में घुस आई। मेरा फाटक तोड़ने का प्रयास किया। मुझे नजरबंद कर दिया गया। आधी रात को नोटिस तामील कराना संदेश देता है कि सरकार मनमानी तानाशाही और गुंडागर्दी पर उतर आई है।
कार्रवाई की मांग
अजय कुमार ने कहा किअब तक प्रमुख सचिव गृह पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई? डीजीपी आज से पहले घटनास्थल पर क्यों नहीं गए। भाजपा सरकार ने मजाक बना दिया है उत्तर प्रदेश को। ऐसे मुख्यमंत्री को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
मौन क्यों?
उन्होंने आगे कहा कि मामले पर हाईकोर्ट ने संज्ञान ले लिया, लेकिन अब तक न तो राज्य महिला आयोग की तरफ से और न महामहिम राज्यपाल की ओर से और न ही बाल विकास मंत्री की ओर से कोई टिप्पणी आई। यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से मर्यादाओं को तार-तार किया जा रहा है और लोग चुप हैं।
लोगों की भावनाओं पर लाठीचार्ज
अजय कुमार ने कहा कि पिछले दिन और राहुल गांधी और प्रियंका हाथरस पैदल जा रहे थे उन पर लाठियां चलाई गईं। राहुल गांधी गिर पड़े प्रियंका जी को चोट आई। तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का सिर फट गया। हम सरकार से कहना चाहते हैं कि आप ने लाठी राहुल गांधी पर नहीं चलाई बल्कि उन महिलाओं और बेटियों पर चलाई है जिनके सम्मान के लिए राहुल गांधी सड़क पर उतरे थे। आपकी सरकार ने लोगों की भावनाओं पर लाठी चलाने का काम किया है। राहुल गांधी अगर हाथरस जाना चाहते थे तो उन्हें क्यों रोका गया। कांग्रेसियों को सड़कों पर लाठी-डंडों से क्यों पीटा गया? तमाम साथियों को जेल में बंद कर दिया गया है? कांग्रेस यूथ विंग के 13 साथी अभी भी जेल में बंद हैं।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में रेप की घटनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में अजय लल्लू कहते हैं-
उत्तर प्रदेश में जिस तरह से वीभत्स घटनाएं हुई हैं, ऐसा न तो ऐसा राजस्थान में हुआ है और न ही छत्तीसगढ़ में। वहां जो मामले सामने आए हैं उनमें सरकार ने कार्यवाही की है। और सरकार की जिम्मेदारी है कार्रवाई करना। लेकिन उत्तर प्रदेश में सरकार ने कार्यवाही की बजाय लापरवाही की है। तथ्यों को छुपाने का काम किया है। आनन-फानन में रात के अंधेरे में लाश को जलाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया गया जबकि वहां मुख्यमंत्री खुद मौके पर पहुंचे। यहां के मुख्यमंत्री ने क्या किया? कहां गए? हम किसी बेटी की तुलना नहीं करना चाहते। बेटियां बेटियां होती हैं वह चाहे राजस्थान हो छत्तीसगढ़ की या उत्तर प्रदेश की। कांग्रेस पार्टी बेटियों की सुरक्षा के प्रति गंभीर है। हम इनके लिए न्याय की लड़ाई लड़ते हैं और लड़ते रहेंगे।
Published on:
03 Oct 2020 09:51 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
