
सोनभद्र नरसंहार मामले पर अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्पी, सरकार के खिलाफ बयान देकर भाजपा को घेरा
लखनऊ. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोनभद्र हिंसा मामले पर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार सोनभद्र में अपने पाप छिपाना चाहती है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार ने इस कृत्य से साबित कर दिया है कि वह जनभावनाओं के प्रति कितनी संवेदनहीन है। राज्य सरकार अपनी अक्षमताओं पर पर्दा डालना चाहती है। जांच दल को घटना स्थल पर जाने से रोकने से स्पष्ट है कि भाजपा सरकार अपने पापों को छिपाना चाहती है। अखिलेश ने बयान में कहा कि सोनभद्र के नृशंस हत्याकांड के लिए जिला व पुलिस प्रशासन तथा भाजपा सरकार जिम्मेदार हैं। आदिवासी व दलित जिस जमीन पर वर्षों से खेती कर रहे थे, उससे बेदखल करने में ग्राम प्रधान व उनके साथी काफी समय से लगे थे लेकिन जिला प्रशासन आंखे मूंदे रहा। अखिलेश ने कहा, गांव के चारों तरफ पुलिस की नाकेबंदी कर दी गई है। गांव के लोगों को गांव से बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। वे जिला प्रशासन से काफी डरे, सहमें हुए हैं। गरीबों को न्याय मिलना सम्भव नहीं लग रहा है। हर घर के बाहर दो-दो पुलिस कर्मी लगा दिये गए हैं। उन्होंने कहा कि सोनभद्र कांड पूरे प्रदेश के हालत बता रहा है। प्रदेश में अराजकता और जंगलराज है। भाजपा सरकार को यह समझना चाहिए कि अगर सामाजिक अस्थिरता रही तो आर्थिक स्थिरता भी नामुमकिन है।
किया था ट्वीट
इससे पहले अखिलेश यादव ने सोनभद्र नरसंहार को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा था और कहा था कि बीजेपी सरकार अपराधियों के सामने नतमस्तक हो चुकी है। अखिलेश ने ट्वीट कर लिखा था कि अपराधियों के आगे नतमस्तक बीजेपी सरकार में एक और नरसंहार। सोनभद्र में भू-माफियाओं द्वारा जमीन विवाद में 9 लोगों की हत्या दहशत और दमन का प्रतीक। सरकार सभी मृतकों के परिवार को 20-20 लाख रुपये मुआवजा दे और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करे।
क्या था पूरा मामला
बीती 17 जुलाई को सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मूर्तिया गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हुए खूनी संघर्ष में 10 लोगों की गोली मारकर हत्या कर गई थी। इस घटना में 25 से अधिक लोग भी घायल हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर 2 गुट आपस में भिड़ गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लेकर अस्पताल पहुंची। घायलों का इलाज बीएचयू में जारी है। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।
Published on:
20 Jul 2019 10:20 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
