लखनऊ. उत्तर प्रदेश में कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के दौरान सुबह से ही ईवीएम मशीनों की खराबी से जुडी सूचनाओं पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर मशीनों की जल्द ठीक करने की मांग की है। अखिलेश यादव ने उपचुनाव में मशीनों की खराबी को लेकर दो ट्वीट किये हैं। उन्होंने पहले ट्वीट में लिखा है - ' शामली, कैराना, गंगोह, नकुड, थानाभवन और नूरपुर के लगभग 175 पोलिंग बूथों से EVM-VVPAT मशीन के ख़राब होने की शिकायत तुरंत सुनी जाए।' इस ट्वीट के साथ अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोक दल की प्रत्याशी तबस्सुम हसन का वह शिकायती पत्र भी शेयर किया है, जिसे चुनाव आयोग को भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है।