
यूपी 112 से जुड़ेंगे सभी बैंक और एटीएम, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मिलेगी मदद
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में बैंकों और एटीएम का सुरक्षा घेरा कड़ा करने के लिए उन्हें यूपी 112 से जोड़े जाने की कवायद शुरू हो गई है। बैंक अधिकारियों से बैंक की शाखाओं व एटीएम की लोकेशन की पूरी जानकारी मांगी गई है। इसे यूपी 112 के डाटा बैंक से जोड़ा जाएगा। ऐसा करने का मकसद यह है कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मदद के लिए पहुंच सकेगी। उसे संबंधित बैंक शाखा व एटीएम की लोकेशन पहले से पता होगी। इसके साथ ही नवगठित उप्र विशेष सुरक्षा बल को भी बैंकों की सुरक्षा के घेरे में लाया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बैंकों की सुरक्षा के लिए गठित राज्य स्तरीय सुरक्षा समिति की बैठक की। बैंको की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ व चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए तकनीक के अधिक से अधिक उपयोग पर जोर दिया जा रहा है। खासकर करेंसी चेस्ट व एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाए जाने के लिए यूपी 112 का सहयोग लिए जाने का निर्णय किया गया है। सुरक्षा समिति की बैठक में सभी बैंकों में आग से बचाव के पर्याप्त प्रबंध किए जाने व नियमित फायर ऑडिट कराए जाने के भी निर्देश दिए गए।
Published on:
29 Dec 2020, 4:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.