
हंगामे की कोशिश करने वाला युवक खदेड़ा गया (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )
CJP Protest Eco Garden in lucknow: नीट पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में राजधानीलखनऊ के इको गार्डन में शुक्रवार को छात्रों और युवाओं का आक्रोश देखने को मिला। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। प्रदर्शन स्थल पर सुबह से ही युवाओं का जमावड़ा शुरू हो गया था और धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती चली गई। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया। कॉकरोच जनता पार्टीके कार्यकर्ताओं ने एक युवक पर प्रदर्शन का माहौल खराब करने और विवाद पैदा करने का आरोप लगाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए युवक को प्रदर्शन स्थल से बाहर कर दिया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभाल लिया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी।
सुबह से ही इको गार्डन में छात्र और युवा पहुंचने लगे थे। कई प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां लिए हुए दिखाई दिए। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि वे केवल अपनी मेहनत और भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों ने लाखों छात्रों की मेहनत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों की तैयारी के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों के साथ यदि अन्याय होता है तो इससे पूरे शिक्षा तंत्र पर लोगों का भरोसा कमजोर पड़ता है। इसलिए जरूरी है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन को लेकर पहले अनुमति का मुद्दा चर्चा में था, लेकिन बाद में प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को मंजूरी मिलने के बाद गतिविधियां तेज हो गईं। कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से युवाओं से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। इसका असर इको गार्डन में साफ दिखाई दिया, जहां विभिन्न इलाकों से आए छात्र एकत्र हुए।
आयोजकों का कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं बल्कि छात्रों के हितों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए किया जा रहा है। उनका दावा है कि जब तक परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं होगा, तब तक छात्रों की समस्याएं खत्म नहीं होंगी।
प्रदर्शन के दौरान उस समय हलचल बढ़ गई जब कुछ कार्यकर्ताओं ने एक युवक पर जानबूझकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की कुछ गतिविधियों पर प्रदर्शनकारियों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद बहस की स्थिति बन गई।
कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि युवक प्रदर्शन को प्रभावित करने और विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद उसे इको गार्डन से बाहर जाने के लिए कहा गया। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रण में रखा गया। किसी प्रकार की हिंसा या गंभीर विवाद की सूचना नहीं है।
प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इको गार्डन और उसके आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। कई वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रवेश और निकास बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए गए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की अराजकता या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन को लेकर खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय हैं। सादे कपड़ों में कई अधिकारी प्रदर्शन स्थल और उसके आसपास तैनात हैं। सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने से रोका जा सके।
प्रशासन का मानना है कि बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी है। इसी कारण पुलिस और खुफिया एजेंसियों को लगातार अपडेट लेने और हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर कई सवाल उठाए। उनका कहना है कि यदि पेपर लीक और अनियमितताओं की घटनाएं लगातार सामने आती रहेंगी तो मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा कमजोर होगा। छात्रों ने मांग की कि परीक्षा प्रक्रिया में तकनीकी सुधार किए जाएं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।
दिनभर प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा। मंच से वक्ताओं ने छात्रों के मुद्दों को उठाया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की। आयोजकों ने भी प्रदर्शनकारियों से अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार के उकसावे से दूर रहने की अपील की। इको गार्डन में हुआ यह प्रदर्शन केवल एक विरोध कार्यक्रम नहीं बल्कि उन हजारों-लाखों छात्रों की चिंता और आक्रोश का प्रतीक बनकर सामने आया, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि छात्रों की इन मांगों पर सरकार और संबंधित एजेंसियां आगे क्या कदम उठाती हैं।
सूचना : 1 :19 तक खबर लिखे जानते तक नहीं पहुंचे थे अभिजीत दीपके
Published on:
12 Jun 2026 01:40 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
