पुलिस की गोली से जान गंवाने वाले विवेक तिवारी की छोटी बेटी का नाम दिव्यांशी है। विवेक की मौत के बाद दिव्यांशी को अब तक यकीन नहीं हो रहा कि उसके पापा अब कभी घर लौटकर नहीं आएंगे। दरअसल दिव्यांशी के पास एक टेडी बियर है जो इन दिनों फट गया था। उसी टेडी बियर को उठाकर दिव्यांशी बार-बार मां के पास जाकर पापा को फोन मिलाने की जिद करती है। दिव्यांशी मां से कहती है कि पापा को फोन मिलाओ, मुझे उनसे बताना है कि मेरा टेडी बियर फट गया है। जिससे वह मेरे लिए नया टेडी बियर लेकर जल्दी घर वापस आ जाएं। विवेक की बेटी दिव्यांशी को अब भी उसके पापा के घर लौटने का बेसब्री से इंतजार है। अपने पिता की मौत से बेखबर बेटी दिव्यांशी दिनभर घर के दरवाजे पर ही टकटकी लगाए रहती है। कभी-कभी तो दिव्यांशी रात में भी अचानक पापा-पापा कहकर चीख उठती है।