
आयकर विभाग की टीम ने राजीव जैन के ठिकानों पर छापेमारी की
Income Tax Department raid:आयकर विभाग का छापा पड़ते ही कांग्रेस नेता के घर से पड़ोसी की छत पर एक बैग फेंका गया। ये मामला उत्तराखंड के देहरादून की चमन विहार कॉलोनी का है। मंगलवार तड़के करीब चार बजे आयकर विभाग की टीम 18 गाड़ियों के काफिले में सवार होकर पूर्व सीएम हरीश रावत के बेहद करीबी कांग्रेस नेता व प्रॉपर्टी डीलर राजीव जैन के घर पहुंच गई थी। उस वक्त इस घर में सभी लोग सो रहे थे। अचानक डोरबेल बजते ही घर के सदस्य जाग गए थे। इनकम टैक्स विभाग की टीम के घर पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई थी। घर के सदस्य जागकर इधर-उधर भागने लगे थे। कुछ ही देर बाद उनके पड़ोसी की छत पर एक भारी बैग गिरने की भनक आयकर विभाग की टीम को लग गई। इस पर आयकर विभाग की टीम पड़ोसी के घर पर दस्तक देकर छत पर पहुंची तो वहां पर करीब 10 किलो से अधिक वजन का एक बैग बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि उस बैग में सोने और हीरे जेवरात थे। इस पर टीम ने बैग कब्जे में ले लिया था।
पड़ोसी की छत पर करोडों के जेवरात से भरा बैग फेंकने का मामला खूब चर्चाओं में है। आयकर विभाग की टीम पड़ोसी की छत से उस बैग को लेकर बाहर आई तो लोग चौंक पड़े। राजीव जैन के पड़ोसी की छत से जेवरात भरा बैग बाहर लाने का एक वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि उस बैग में में करीब 80 करोड़ के जेवरात थे।
देहरादून निवासी राजीव जैन पूर्व सीएम हरीश रावत के बेहद करीबी माने जाते हैं। वह प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े रहे हैं। हरीश रावत सरकार के दौरान 2014 में राजीव जैन को मीडिया कॉर्डिनेटर बनाया गया था। उसके बाद अक्तूबर 2016 में राजीव जैन को सीएम का सलाहकार बनाया गया था। बताया जाता है कि हरीश रावत सरकार में राजीव जैन की तूती बोलती थी।
Updated on:
18 Dec 2024, 7:51 AM IST
Published on:
18 Dec 2024, 7:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.