लखनऊ. केंद्र सरकार ने भले ही लोकसभा में एससी-एसटी अत्याचार निवारण संशोधन अधिनियम बिल पेश कर दिया है, बावजूद इसके दलित संगठनों ने 9 अगस्त को भारत बंद का आह्वान किया है। दलित संगठनों के भारत बंद आह्वान को देखते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही प्रशासन की ओर से रेलवे, हवाई अड्डों, प्रमुख धार्मिक स्थलों पर कड़े सुरक्षा के इंतजाम किये गये हैं। एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने सभी जोन के एडीजी, आईजी व जिलों के पुलिस अपसरों को अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षा के पूरे इंतजाम करने के निर्देश दिये हैं। इसके अलावा सभी जिलों के पुलिस अफसरों को सार्वजनिक स्थलों पर पुख्ता सुरक्षा-व्यवस्था रखने के निर्देश दिये गये हैं। स्टेट इंटेलीजेंस व अन्य जांच एजेंसियों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।