
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के तहत यूपी में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। यहां चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा ने धोबी पछाड़ दांव खेला है। कहा जा रहा है कि यूपी में विपक्षी दलों सपा, बसपा और कांग्रेस के लिए यह दांव बड़ी चुनौतियां खड़ी करेगा। दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ लंबी बैठक की। इसमें कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 सीटें जीतने पर फोकस रखने को कहा गया। साथ ही इसको लेकर बड़े स्तर पर रणनीति भी तैयार की गई है। इसके तहत भाजपा ने पूरे प्रदेश में ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ का आगाज कर दिया है। चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा की यह चाल विपक्षी दलों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है।
यूपी की राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित वर्कशॉप के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा "2024 में लोकसभा की सभी सीटों पर कमल खिलाना है। केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। इसका परिणाम रहा कि साल 2014 से साल 2023 के दौरान 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। केन्द्र और प्रदेश में भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों के बीच जाना है। ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ के तहत संवाद स्थापित करना है।"
भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार ने जो भी योजनाएं चलाई हैं। वे सीधे तौर पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंची हैं। केन्द्र सरकार ने जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया है। यह बात लोगों को याद दिलानी है। कार्यकर्ताओं को हर लाभार्थी से संपर्क करना है। इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भी ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ पर लंबी चर्चा की। उन्होंने कहा कि लाभार्थी सम्पर्क के दौरान लोगों के बीच जाएं और लाभार्थी से 9638002024 मोबाइल नम्बर पर मिस्डकॉल करवाएं।
इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को मोदीजी का पत्र सौंपकर लाभार्थी के घर पर स्टीकर लगवाना है। उन्होंने अभियान को लेकर कहा कि पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से 5 मार्च के बीच लाभार्थी सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान 1 से 3 मार्च के बीच विशेष अभियान चलाना है। इसके तहत लाभार्थी के परिवारजनों से व्यापक स्तर पर संवाद स्थापित करना है।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि 11 से 16 फरवरी तक लोकसभा स्तर पर लाभार्थी सम्पर्क अभियान की कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इसके बाद मंडल स्तर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने लाभार्थी संपर्क अभियान को लेकर बाकायदा पीपीटी से कार्यकर्ताओं को पूरा कार्यक्रम समझाया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ के बहाने भाजपा यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि उनकी जमीन कहां कितनी मजबूत है। इस दौरान जहां भाजपा कमजोर पड़ती दिखेगी। वहां के मतदाताओं को साधकर यूपी की 80 लोकसभा सीटों को जीतने की रणनीति तैयार होगी। इसके लिए भाजपा ने अपनी पूरी सेना मैदान में उतार दी है।
Updated on:
12 Feb 2024 01:54 pm
Published on:
12 Feb 2024 10:26 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
