लखनऊ. जिस पुलिस के लेटलतीफी के किस्से सुनाये जाते थे, वही पुलिस अब कम से कम समय में शिकायत मिलते ही आपके दरवाजे तक पहुंचेगी। 11 जिलों में यूपी 100 सर्विस आज से शुरू हो गई है। इन जिलों में 100 नंबर डायल करते ही पुलिस मदद के लिए आपके पास पहुंचेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी 100 सर्विस का उद्घाटन किया। पिछले साल 19 दिसंबर को इस बिल्डिंग का शिलान्यास हुआ था और ठीक 11 महीने बाद आज इसका उद्घाटन हुआ है। प्रदेश के बाकी जिलों की कॉल अटेंड करने के लिए 15 दिसंबर की डेड लाइन फिक्स की गयी है। इस प्रोजेक्ट के लांच होने के बाद ना सिर्फ पुलिस की एकाउंटिबिल्टी तय होगी बल्कि लोगों को बेहतर पुलिसिंग का एहसास भी होगा। इसके साथ ही यूपी 100 की गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर के चार अंक और गाड़ी में चलने वाले पुलिसकर्मी के सीयूजी मोबाइल फोन और मोबाइल डाटा टर्मिनल के नंबर के आखिरी चार अंक एक जैसे ही होंगे। ऐसा इसलिए ताकि आम जनता पुलिसकर्मी का नंबर आसानी से याद रख सके।