4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Raksha Bandhan Free Bus Travel : रक्षाबंधन पर 8 से 10 अगस्त तक बहनों को फ्री बस यात्रा का तोहफा, CM योगी ने दिए त्योहारों की सख्त निगरानी के निर्देश

CM Yogi Raksha Bandhan Gift: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा बंधन, हर घर तिरंगा और जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बहनों को तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री ने तीन दिन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। साथ ही कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और स्वच्छता के लिए निर्देश भी जारी किए।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Ritesh Singh

•

Updated: 4 Aug 2025, 3:32 PM IST

Raksha Bandhan Free Bus फोटो सोर्स :Social Media

Raksha Bandhan Free Bus फोटो सोर्स :Social Media

Raksha Bandhan Free Bus Ride:   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी राष्ट्रीय और धार्मिक पर्वों हर घर तिरंगा, रक्षा बंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने राज्य प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पर्वों को सुरक्षा, सौहार्द, स्वच्छता और जनभागीदारी के साथ भव्य रूप से मनाया जाए। इस समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के डीएम, एसपी, जोनल अधिकारी, संभागीय आयुक्त, नगर निकाय प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हर घर तिरंगा: राष्ट्रभक्ति का जन आंदोलन बने

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की समीक्षा करते हुए इसे महज एक औपचारिकता न मानकर जन आंदोलन के रूप में देखने की अपील की। उन्होंने कहा, "यह अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव को हर घर तक पहुंचाने का माध्यम है। हर नागरिक को इसमें शामिल होना चाहिए।" इस वर्ष प्रदेश में 4 करोड़ 60 लाख घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता और प्रचार-प्रसार अभियान चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और स्थानीय निकायों को निम्न निर्देश दिए:

  • 2 से 8 अगस्त तक सभी तिरंगों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए।
  • 9 से 12 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, मेले, सांस्कृतिक कार्यक्रम और तिरंगा महोत्सव का आयोजन किया जाए।
  • नागरिक ‘तिरंगा विद सेल्फी’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी तस्वीरें अपलोड करें।
  • 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी व निजी कार्यालयों, संस्थानों और घरों पर तिरंगा फहराया जाए और राष्ट्रगान का सामूहिक आयोजन किया जाए।
  • मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस अभियान को स्कूली बच्चों, NSS, NCC, युवा मंडलों और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से जन-जन तक पहुँचाया जाए।

14 अगस्त: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष कार्यक्रम

सीएम योगी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मानने के निर्देश देते हुए कहा कि इस दिन शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिता और तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा, "यह दिन उन लाखों लोगों की पीड़ा को याद करने का दिन है, जो विभाजन के समय विस्थापित हुए थे। हमें भावी पीढ़ी को इसका इतिहास बताना चाहिए।"

रक्षा बंधन पर बहनों को मुख्यमंत्री का तोहफा: तीन दिन फ्री बस सेवा

रक्षा बंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा देते हुए घोषणा की कि 8 अगस्त सुबह 6 बजे से 10 अगस्त रात 12 बजे तक सभी महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और शहरी बस सेवाओं में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि 

  • इस अवधि में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में बसें चलाई जाएंगी, ताकि महिलाओं को कोई असुविधा न हो।
  • बस अड्डों, प्रमुख चौराहों और ट्रैफिक प्वाइंट्स पर विशेष प्रबंधन किया जाए ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
  • रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और मोबाइल पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए।

इस योजना का उद्देश्य न केवल महिलाओं को सुविधा देना है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सजावट, सुरक्षा और संस्कृति का संगम

प्रदेश में आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व परंपरागत उत्साह से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इसे केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत का पर्व बताते हुए जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि

  • मंदिर परिसरों की साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और आकर्षक सजावट सुनिश्चित की जाए।
  • शोभायात्राओं और झांकियों के आयोजन हेतु स्थानीय प्रशासन से पूर्व अनुमति अनिवार्य की जाए।
  • लाउडस्पीकर की ध्वनि सीमा का पालन कराया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था या अराजकता की कोई गुंजाइश न रहे।
  • पुलिस लाइन और अन्य प्रमुख स्थलों पर जन्माष्टमी समारोह परंपरा के अनुसार आयोजित किए जाएं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि "जन्माष्टमी हमारे धार्मिक गौरव का प्रतीक है, इसे उत्सव और अनुशासन दोनों के साथ मनाया जाए।"

सुरक्षा व्यवस्था और अफवाहों पर विशेष निगरानी

तीनों पर्वों को लेकर मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए साइबर सेल को सक्रिय किया जाए। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए और स्थानीय इंटेलिजेंस को सतर्क किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि

  • रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।
  • धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की जाए।
  • जिलों में स्थापित इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहना चाहिए।
  • प्रशासन आमजन से संवाद बनाए रखे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर त्वरित कार्रवाई करे।

तीनों पर्वों पर व्यापक जनभागीदारी और गौरव का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी अधिकारियों से यह अपील की कि वे हर घर तिरंगा, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे पर्वों को केवल एक सरकारी औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे जनसामान्य की भागीदारी और गौरव से जोड़ें। उन्होंने कहा कि "यह पर्व समाज को जोड़ने, संस्कृति को बचाने और राष्ट्र को सशक्त बनाने के अवसर हैं।"

बड़ी खबरें

View All

लखनऊ

उत्तर प्रदेश