
CM Yogi on Kerela Floods
लखनऊ. सीएम योगी ने बुधवार को अपने सरकारी आवास 5, कालीदास मार्ग से केरल के बाढ़ पीड़ितों की सहायतार्थ यूपी सरकार की ओर से राहत सामग्री से भरे 12 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रथम चरण में राहत सामग्री के रूप में पेयजल, फ्रूट जूस, बिस्कुट, रस्क पैकेट, ओआरएस तथा ड्राई फ्रूट भेजे जाने हैं। इसमें चार टन फूड पैकेट किनले ग्रुप ने उपलब्ध कराए हैं।
"मदद करके पीएम मोदी के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के सपने को करेंगे पूरा"-
सीएम योगी ने इस दौरान कहा कि बाढ़ एक प्राकृतिक आपदा है। इस आपदा के प्रभावितों को राहत पहुंचाने में विभिन्न संगठनों के सहयोग की आवश्यकता होती है। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर केरल के बाढ़ पीड़ितों को प्रेषित करने के लिए लगभग 60 मीट्रिक टन राहत/खाद्य सामग्री काॅरपोरेट संस्थानों, व्यापार मण्डल, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा निजी उपक्रमों के साथ समन्वय कर एकत्र की गई है। इसमें मुख्य रूप से बिस्कुट, ड्राई फ्रूट, रस्क, फ्रूट जूस, ओ.आर.एस. पैकेट, पानी की बोतलें, मोमबत्ती, नमकीन, मिल्क पाउडर तथा चिप्स आदि सामान हैं। इसके साथ ही दवाइयां, चटाई एवं साड़ी भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा केरल राज्य के बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 15 करोड़ रुपए की धनराशि पूर्व में प्रेषित की जा चुकी है। सीएम ने कहा कि ये उक्त सामग्री आज ही वायुसेना के विमान द्वारा केरल भेजी जाएंगी। इसी के साथ उन्होंने उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया जो इस दुख की घड़ी में केरलवासियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मुसीबत की इस घड़ी में हम सभी लोग केरल के साथ हैं। केरल की हर संभव मदद करके हम पीएम मोदी के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के सपने को पूरा करने में सहयोग करेंगे।
इतने लोगों की हो चुकी है मौत-
आपको बता दें कि केरल में प्राकृतिक आपदा से अब तक करीब 380 लोगों की मौत हो चुकी है, तो वहीं लाखों लोग विस्थापित हो गए हैं। केंद्र व अन्य राज्यों से लगातार आर्थिक मदद भेजी जा रही है। सेना के जवान वहां पर दिन रात बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
Updated on:
22 Aug 2018 05:28 pm
Published on:
22 Aug 2018 05:17 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
