
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और सपा के बीच रार बढ़ती हुई नजर आ रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एक दूसरे पर खुलकर प्रहार कर रहे हैं। वहीं, गुरुवार को अजय राय अपने टीम के साथ सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान से मिलने सीतापुर जेल जाएंगे।
दरअसल, कांग्रेस लगातार अल्पसंख्यक नेताओं को जोड़ने के अभियान में लगी है। इसी कड़ी में अजय राय की यह मुलाकात जोड़कर देखी जा रही है। हालांकि, अजय राय का कहना है कि भाजपा सरकार ने गलत तरीके से आजम खां को निशाना बनाया है। ऐसे में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक वरिष्ठ नेता के साथ हुए उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस खड़ी है। आजम खां के साथ अन्याय हो रहा है।
भाजपा सरकार बदले की भावना से सपा पर कर रही मुकदमे
अजय राय शाह शराफत दरगाह के सज्जादानशीन मोहम्मद सकलैन मियां के निधन पर शोक व्यक्त करने गए थे। यहां से लौटते समय उन्होंने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि आजम खान सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त हैं। भाजपा सरकार उन पर द्वेषवश और बदले की भावना से मुकदमे कराती आ रही है। वह भले ही सपा के नेता हैं मगर कांग्रेस उनके प्रति संवेदना रखते हुए कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उनके लिए हर लड़ाई लड़ेंगे। कांग्रेस मुस्लिमों का पुराना घर है।
बरेलवी उलमा और आल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी मुस्लिमों से अपील कर चुके कि सपा का विकल्प तलाशें। इस पर अजय राय ने कहा, मौलाना से आग्रह करेंगे कि वह कांग्रेस के पक्ष में अपील करें।
Published on:
25 Oct 2023 04:03 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
