3 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

थोड़ी रुकी संक्रमण की रफ्तार, यूपी चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टॉफ के लिए बनेगा मैन पॉवर बैंक

- जेल में बंद आजम खान की तबीयत बिगड़ी, केजीएमयू जाने से किया मना, मुख्तार अंसारी की हालत भी ठीक नहीं
3 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Nitin Srivastva

May 03, 2021

थोड़ी रुकी संक्रमण की रफ्तार, यूपी चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टॉफ के लिए बनेगा मैन पॉवर बैंक

थोड़ी रुकी संक्रमण की रफ्तार, यूपी चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टॉफ के लिए बनेगा मैन पॉवर बैंक

लखनऊ. वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कहर के बीच एक खुशखबर है। प्रदेश में संक्रमण की रफ्तार थोड़ी रुकी है। आंकड़ों के मुताबिक बीते दो से तीन दिनों के बीच कोरोना से ठीक होकर डिस्चार्ज होने वालों की संख्या बढ़ रही है। बीते दो-तीन दिनों की अगर बात करें तो नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या के मुकाबले ज्यादा संख्या में मरीज ठीक हुए हैं। यानी रिकवरी रेट बढ़ रहा है। राहत यह भी है कि जिस लखनऊ में सर्वाधिक संक्रमित मिल रहे थे, वहां ठीक होने वालों की संख्या नए मरीजों से दोगुनी हो गई है। इसी बीच कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई रणनीति बनाई है। जिसके मुताबिक प्रदेश में बदलती परिस्थितियों के बीच हमें अस्पतालों में प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता होगी। इसके लिए प्रदेश में मैन पॉवर बैंक बनाने का प्रयास किया जाए।

बनेगा मैन पॉवर बैंक

योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि आम लोगों को कहीं कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जिम्मेदार अफसर लोगों तक मदद पहुंचाएं। सीएम योगी ने कहा कि बदलती परिस्थितियों के बीच हमें अस्पतालों में प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता होगी। ऐसे में एक्स सर्विस मैन, सेवानिवृत्त चिकित्सक, आर्मी के रिटायर्ड लोग, अनुभवी पैरामेडिकल स्टाफ, मेडिकल व पैरामेडिकल के अन्तिम वर्ष के छात्र और छात्राओं की सेवाएं ली जानी चाहिए। बेहतर हो कि प्रदेश में मैन पॉवर बैंक जैसा बनाने का प्रयास किया जाए। जहां जैसी आवश्यकता हो, मानव संसाधन को उपलब्ध कराया जा सकेगा। चिकित्सा शिक्षा मंत्री इस दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।

जेल में बंद आजम खान की तबीयत बिगड़ी

समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता कोरोना संक्रमित आजम खान की तबीयत बिगड़ रही है। हाल ही में आजम खां की कोरोना जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अभी आजम खान यूपी की सीतापुर जेल में बंद हैं। आजम खान पर पचास से ज्यादा मुकदमों दर्ज हैं। जिसकी वजह से वह जेल में हैं। सीतापुर जेल में ही बंद आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम की भी आरटी-पीसीआर टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जेल प्रशासन के मुताबिक आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला खान समेत कुल 14 कैदी कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें दो महिला कैदी भी शामिल हैं। सभी बंदियों को सीतापुर जेल प्रशासन ने अलग-अलग बैरक में आइसोलेट किया है।

केजीएमयू जाने से इनकार

वहीं बीते 14 महीने से सीतापुर जेल में बंद आजम खां की कोरोना वायरस संक्रमण टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से सीतापुर जेल प्रशासन काफी परेशान है। जानकारी के मुताबिक रामपुर के सांसद आजम खां को सीतापुर जेल प्रशासन लखनऊ की किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज के लिए भर्ती कराना चाहता है। लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। शनिवार देर रात आजम खान को लखनऊ शिफ्ट करने की तैयारी हो रही थी, अस्पताल के गेट पर एंबुलेंस के साथ सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों की गाड़ी भी लगा दी गई थी, लेकिन आजम खां ने जाने से साफ इनकार कर दिया। उनको मनाने का दौर काफी लम्बा चला। लेकिन आजम खान ने कहा कि वह ठीक हैं, तो फिर उनको सीतापुर जेल में आइसोलेशन में दोबारा रखा गया। इसी बीच सपा सांसद आजम खां ने लिखित में दिया कि मैं ठीक हूं मुझे हॉस्पिटल में नहीं भर्ती होना है।

आजम खान नहीं रख रहे रोजा

सीतापुर के जेलर आरएस यादव के मुताबिक बीते गुरुवार को आजम खान की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी RTPCR जांच कराई गई थी। जो शुक्रवार की रात पॉजिटिव आई। जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों से आजम खान को सर्दी जुकाम की शिकायत थी। जिसके बाद जेल प्रशासन की तरफ से उनका कोविड टेस्ट करवाया गया और उसमें वह संक्रमित पाए गए। जेल प्रशासन के मुताबिक सेहत बिगड़ने के वजह से ही आजम ने रोज भी नहीं रखा है। वह कुछ दिन पहले रोजे पर चल रहे थे लेकिन स्वास्थ्य में गिरावट के चलते उन्होंने रोजा रखना बंद कर दिया।

मुख्तार अंसारी की हालत भी ठीक नहीं

बांदा जेल में बंद बाहुबली माफिया विधायक मुख्तार अंसारी इन दिनों कोरोना संक्रमण की चपेट में है. कोरोना की चपेट में आने के बाद मुख्तार को उसकी उसी बैरिक नंबर 16 में आइसोलेट किया गया है। इस समय उसका बैरिक 16 में इलाज किया जा रहा है। हालांकि इस समय उसकी डाइट काफी कम हो गई है, तो ब्‍लड शुगर लेवल भी बढ़ गया है। वहीं, पूरे मामले में मेडिकल कालेज प्रचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि बांदा जेल के द्वारा जैसे ही हमें सूचना भेजी गई उसके बाद जो 4 विशेषज्ञ डॉक्टर का पैनल मुख्तार अंसारी के लिए बनाया गया उसने कोरोना इलाज शुरू कर दिया है। जेल प्रभारी अधीक्षक पीके त्रिपाठी ने बताया कि मुख्तार जेल में इलाज दिया जा रहा था और अब RTPCR रिपोर्ट आने के बाद उसका इलाज मेडिकल कालेज की टीम आकर कर रही है। त्रिपाठी ने साथ ही कहा कि अंसारी को जेल की बैरक नंबर 16 में ही आइसोलेट कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: CBSE Board 10th result 2021: CBSE दसवीं का रिजल्ट 20 जून को, जानिये कैसे मिलेंगे अंक