
दिग्गज क्रिकेटरों के बीच फिल्म स्टार दिलीप कुमार ने की थी जबरदस्त बैटिंग, दंग रह गये थे बड़े-बड़े शूरमा
लखनऊ. 24 साल के लम्बे इंतजार के बाद लखनऊ इंटरनेशनल क्रिकेट मैच की मेजबानी करेगा। राजधानी के इकाना स्टेडियम में 6 नवम्बर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा टी-20 मैच खेला जाएगा। क्रिकेट बोर्ड ने जहां इस मैच की तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं पहले इंटरनेशनल टी20 मुकाबले को लेकर पूरा शहर उत्साहित है। देश भर के क्रिकेट प्रेमी लखनऊ में जमा होने शुरू हो रहे हैं। राजधानी के युवा से लेकर बुजुर्ग तक अपने चहेते खिलाड़ियों को लाइव देखने का मौका नहीं चूकना चाहते हैं। आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है, जब लखनऊ में क्रिकेट प्रेमियों का जमावड़ा लगा था। 70 के दशक के सुपर स्टार दिलीप कुमार भी लखनऊ में अपने बल्ले का जौहर दिखा चुके हैं।
वर्ष 1971 में राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शीशमहल टूर्नामेंट के दौरान मुश्ताक अली सहायतार्थ एक प्रदर्शनी मैच हुआ था। इस मैच को देखने फिल्म स्टार दिलीप कुमार भी पहुंचे थे। आयोजक उन्हें देखकर खुश थे, लेकिन अचानक ही दिलीप कुमार आयोजकों के बीच पहुंचे और इस मैच में खेलने की इच्छा जताई। अंतिम एकादश में उन्हें शामिल किया गया, जहां उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी से दर्शकों का मन मोह लिया था।
आये थे ये दिग्गज क्रिकेटर
केडी सिंह बाबू स्टेडियम पर खेले गये मैच में बापू नाडकर्णी, दिलीप सरदेसाई, सलीम दुर्रानी, आबिद अली, नारी कांट्रैक्टर जैसे बड़े खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इस मैच में दर्शकों ने इन दिग्गजों के साथ सुपर स्टार दिलीप की बल्लेबाजी का जमकर लुत्फ उठाया था।
Updated on:
4 Nov 2018, 2:09 PM IST
Published on:
4 Nov 2018, 2:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.