कोरोना से संक्रमित ऐसे प्राइवेट कर्मचारी जो कोविड 19 से संदिग्ध रूप से प्रभावित हों और अलग रखे गए हों, उनकी कंपनी उन्हें 28 दिनों की पेड लीव देगी। यह अवकाश तभी मंजूर होगा जब कर्मचारी स्वस्थ होने के बाद अपनी कंपनी को चिकित्सा प्रमाण पत्र देंगे। श्रम विभाग से जारी शासनादेश में कहा गया है कि ऐसी दुकानें, वाणिज्यिक अधिष्ठान और कारखाने जो राज्य सरकार या जिला मजिस्ट्रेट के आदेश से अस्थायी रूप से बंद है, उनके कर्मचारियों और कर्मकारों को अस्थायी बंदी की अवधि के लिए नियोजक की ओर से मजदूरी सहित अवकाश दिया जाएगा। ऐसी सभी दुकानें, वाणिज्यिक अधिष्ठान और कारखाने जहां 10 या उससे ज्यादा कर्मचारी या कर्मकार नियोजित हों, उनके सूचना पट और मुख्य द्वार पर कोविड-19 की रोकथाम के लिए केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से बताए गए सुरक्षा उपायों को भी डिस्प्ले करना होगा।