22 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी की राजनीति में बड़ा ‘खेला’? केशव मौर्य ने बताया 2027 में कैसे ‘सफा’ होगी सपा, सैफई भेजी जाएगी साइकिल!

Keshav Prasad Maurya VS Akhilesh Yadav : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के 40 हजार रुपए वाले वादे को 'मुंगेरीलाल का सपना' बताया। जानें कैसे भाजपा 2027 में सपा को 'सफा' करने की तैयारी कर रही है।

2 min read
Google source verification

केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के बयान पर किया पलटवार, PC- ANI

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात अब 'बयानों के तीखे बाणों' से बिछने लगी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लोकलुभावन वादों और '40 हजार रुपए' वाले दांव पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को बड़ा हमला बोला। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अखिलेश यादव सत्ता में वापसी के 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' देख रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश की जनता उन्हें 2047 तक सत्ता की दहलीज नहीं लांघने देगी। मौर्य ने हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा 2027 में 2017 के इतिहास को दोहराने जा रही है।

मोदी मॉडल की तारीफ: 'दुनिया के लिए मिसाल बने पीएम'

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को हर हिंदुस्तानी और भाजपा कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने रिकॉर्ड समय तक सत्ता की बागडोर संभालते हुए जिस 'गुजरात मॉडल' को स्थापित किया, वह आज पूरे विश्व के लिए एक आदर्श बन चुका है। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया कर रही है और इसी विकासवाद के रथ पर सवार होकर भाजपा आगामी चुनावों में विरोधियों का सूपड़ा साफ करेगी।

सपा को 'सफा' करने की रणनीति: 'साइकिल' को भेजेंगे सैफई

लखनऊ में हुई महत्वपूर्ण बैठक का हवाला देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब भाजपा का लक्ष्य 'सपा को सफा' करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव की साइकिल को अब पंचर कर स्थायी रूप से 'सैफई' भेजने की तैयारी पूरी हो चुकी है। मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा केवल गुमराह करने की राजनीति कर रही है, लेकिन 2027 में जनता फिर से कमल खिलाकर उन्हें करारा जवाब देगी।

'चांद-सितारे तोड़ने का वादा भी कर देंगे'

वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए देने के वादे पर गहरा कटाक्ष किया। चौधरी ने चुटकी लेते हुए कहा, "अखिलेश यादव अपनी हताशा में कुछ भी बोल रहे हैं। चुनाव जीतने के लिए वे कल को चांद-सितारे तोड़कर लाने का वादा भी कर सकते हैं, लेकिन जनता अब उनके बहकावे में नहीं आने वाली।" उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस विजन नहीं है, इसलिए वे ऐसे वादों का सहारा ले रहे हैं जो कभी पूरे नहीं हो सकते।