
Favorite Flowers of God and Goddess: वैसे तो किसी भी भगवान को कोई भी फूल चढ़ाया जा सकता है, लेकिन कुछ फूल देवताओं को विशेष होते हैं। इन फूलों का वर्णन विभिन्न धर्म ग्रंथों में भी मिलता है। ऐसी मान्यता है कि कुछ खास फूल कुछ खास देवी-देवताओं को बेहद प्रिय हैं। इन फूलों को उनके चरणों में अर्पित करने से वो प्रसन्न होते हैं। आइये जानते हैं कि किस देवी-देवता को कौन सा फूल चढ़ाने से उनका आशीर्वाद मिलता है -
कमल का फूल – माँ लक्ष्मी
दिवाली में माँ लक्ष्मी का आशीर्वाद पाने के लिए आपको उनकी पूजा करते समय कमल का फूल चढ़ाना चाहिए। कमल का फूल उनको बेहद प्रिय है। माँ वैभव लक्ष्मी की पूजा और दीवाली की पूजा में इसको शामिल करने से भी माँ लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
गेंदे का फूल और दूब – भगवान गणेश
गणपति को दूब और गेंदे का फूल अधिक प्रिय है। अगर आप उन्हें दूब और गेंदे के फूल उनके चरणों में अर्पित करते हैं, तो इससे भगवान श्री गणेश की विशेष कृपा मिलती है। गेंदे के फूल गणेश जी को काफी प्रिय हैं इससे वह खुश होते हैं। ध्यान रहे कि गणेशजी पर तुलसी कभी न चढ़ाएं।
चमेली का फूल – हनुमान जी
हनुमान जी को जैस्मीन का फूल बहुत प्रिय है। इसी वजह से हनुमान जी को चोला चढ़ाते समय लाल सिन्दूर को चमेली के तेल में ही मिलाया जाता है। इसलिए उनकी आराधना करते समय जैस्मीन के फूल ज़रूर अर्पित करने चाहिए। इससे हनुमान जी खुश होते हैं और मनोकामना पूरी करते हैं।
पलाश का फूल – माँ सरस्वती
पलाश के फूल मां सरस्वती को बेहद प्रिय हैं। ये फूल ज्ञान के प्रतीक माने जाते हैं। जब भी आप मां सरस्वती की पूजा-आराधना करें तो उनके चरणों में पलाश के फूल ज़रूर चढ़ाएं। इससे वो प्रसन्न होती हैं और आशीर्वाद देती हैं।
मदार या धतूरे का फूल – भगवान शिव
भगवान शिव की पूजा करते समय मदार के फूल उनके चरणों में ज़रूर अर्पित करने चाहिए। अगर ये फूल न मिल सकें तो आप धतूरे के फूल भी शिव जी पर चढ़ा सकते हैं। ये दोनों ही फूल शिव जी को बहुत पसंद हैं। कहा जाता है कि इन फूलों को चढ़ाने से शिव जी प्रसन्न होते हैं और मनचाहा वरदान देते हैं।
गुड़हल का फूल – माँ काली
गुड़हल के लाल फूल मां काली और मां दुर्गा को काफी भाते हैं। इनकी पूजा-अर्चना करते समय गुड़हल के फूल उनके चरणों में ज़रूर चढ़ाने चाहिए। अगर आप चाहें तो गुड़हल के 108 फूलों की माला बनाकर भी चढ़ा सकते हैं। इससे मां खुश होकर मनोकामनाओं को पूरा करती हैं।
हरसिंगार का फूल – भगवान विष्णु
हरसिंगार के फूल भगवान विष्णु को बेहद प्रिय हैं। इसे परिजात पुष्प के नाम से भी जाना जाता है। विष्णु भगवान के चरणों में इन फूलों को अर्पित करने से वह खुश होते हैं और उनका आशीर्वाद मिलता है।
Published on:
30 Oct 2021 02:47 pm
