
यूपी में सस्ता हुआ LPG सिलेंडर
उत्तर प्रदेश में आज एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर लोगों को राहत मिली है। राजधानी लखनऊ से लेकर कानपुर तक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी आई है और कमर्शियल सिलेंडर 171.50 पैसे सस्ता हो गया है। हालांकि ये कमी सिर्फ कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में ही की गई है, घरेलू उपभोक्ताओं को इससे लाभ नहीं मिलेगा क्योंकि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कमर्शियल सिलेंडर के नए रेट आज ही अपडेट हुए हैं। एक मार्च 2023 को यूपी में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेडर की कीमत 2222 रुपए थी, हालांकि इसके बाद एक अप्रैल को भी कमर्शियल सिलेंडर 92 रूपए सस्ता हुआ था, जिसके बाद अब इसमें 171.50 पैसे की कटौती की गई है। राजधानी लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर 1793.41 पैसे में मिल रहा है।
ईंधन की कीमतों का असर एलपीजी पर पड़ता है
यूपी समेत पूरे देश में एलपीजी की कीमतें मुख्य रूप से सरकारी तेल कंपनिया निर्धारित करती है और ये कीमतें वैश्विक कच्चे ईंधन दरों के आधार पर तय की जाती है। हर महीने इनकी कीमतों में बदलाव होता रहता है. कच्चे तेल में वृद्धि होती है तो एलपीजी की दरों में भी बढ़ोतरी होती है और जब कच्चे ईंधन की कीमतों में कमी आती है तो उसका असर भी एलपीजी पर पड़ता है। एलपीजी सिलेंडर के दाम हर महीने बढ़ते और कम होते रहते हैं।
कमर्शियल LPG सिलेंडरों का होटल और रेस्टोरेंट में होता है इस्तेमाल
यूपी में 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमतों की बात करें तो राजधानी लखनऊ में आज एलपीजी सिलेंडर 1140 रुपए, आगरा में 1115.5, बरेली में 1121, गाजियाबाद में 1100, गोरखपुर में 1165 रुपए, कानपुर में 1118 रुपए, मुजफ्फरनगर में 1109 रुपए और वाराणसी में 1166 रुपए की कीमत में मिल रहा है।
कमर्शियल LPG सिलेंडरों का इस्तेमाल होटल और रेस्टोरेंट में होता है। इसका घरेलू इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। घरेलू और कमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर में वजन का अंतर होता है। कमर्शियल LPG सिलेंडर में 19 किलो गैस भरी होती है और घरेलू LPG सिलेंडर 14.2 किलो गैस के साथ आता है।
Published on:
01 May 2023 09:33 am
