21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झाड़-फूंक के बहाने घर से बाहर ले गया, फिर दोस्त के साथ मिलकर दबाया गला, बेटी के प्यार से खफा था पिता

लखनऊ के चिनहट में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया। 16 वर्षीय वंदना चौबे की उसके पिता विजय कुमार और उसके दोस्त ने गला दबाकर हत्या कर दी।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Anuj Singh

Apr 21, 2026

16 साल की वंदना की दिल दहला देने वाली कहानी

16 साल की वंदना की दिल दहला देने वाली कहानी

Lucknow Crime News: लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। 16 साल की नाबालिग लड़की वंदना चौबे की उसके पिता और पिता के दोस्त ने मिलकर हत्या कर दी। पिता अपनी बेटी के लड़कों से बात करने से नाराज था। हत्या के बाद शव की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया गया। वंदना चौबे चिनहट के धावा इलाके की रहने वाली थी। साल 2025 में वह एक लड़के के साथ घर से भाग गई थी। पुलिस ने उसे बरामद कर परिवार को सौंप दिया था। लेकिन उसके बाद भी वंदना उस लड़के से संपर्क में थी। पिता विजय कुमार चौबे (34) इसी बात से बहुत नाराज था। उसने अपनी बेटी की हत्या की साजिश रची और अपने दोस्त अब्दुल मन्नान (45) को साथ लिया।

हत्या कैसे हुई?

13 अप्रैल को विजय कुमार ने किराए की कार ली। बहाने से बेटी को झाड़-फूंक के लिए बाराबंकी ले गया। रास्ते में ढाबे पर रुके। 14 अप्रैल को बाराबंकी के बड्डूपुर इलाके में शारदा नहर के पास कुर्सी रोड पर पहुंचे। कार में सो रही वंदना का दोनों ने गला दबाकर हत्या कर दी। लड़की ने काफी विरोध किया, लेकिन दोनों ने तब तक गला नहीं छोड़ा जब तक उसकी सांसें थम नहीं गईं। हत्या के बाद शव को नहर में फेंकने की कोशिश की, लेकिन आसपास लोगों की आवाजाही देख डर गए। पहचान मिटाने के लिए वंदना के चेहरे पर तेजाब डाल दिया। फिर शव को सड़क किनारे फेंककर भाग गए।

पिता ने छिपाने की कोशिश की

हत्या छिपाने के लिए विजय कुमार ने झूठी कहानी गढ़ी। 16 अप्रैल को IGRS पोर्टल पर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। लेकिन पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस घर पहुंची तो पिता घर पर नहीं था। फोन भी बंद मिला। पुलिस ने आसपास पूछताछ की और पुराने मामले का पता लगाया। लड़के से बात की तो उसने बताया कि 13 अप्रैल को वंदना ने फोन पर कहा था कि वह पिता के साथ झाड़-फूंक के लिए जा रही है। इसके बाद पुलिस का शक पिता पर मजबूत हो गया। सर्विलांस से 19 अप्रैल को विजय कुमार की लोकेशन गोंडा में उसकी ससुराल में मिली। पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और दोस्त अब्दुल मन्नान का नाम बताया।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने अब्दुल मन्नान को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि बाराबंकी पुलिस से संपर्क किया गया। 15 अप्रैल को कुर्सी रोड पर अज्ञात किशोरी का शव मिला था, जिसका पोस्टमॉर्टम कर अंतिम संस्कार हो चुका था। अब चिनहट पुलिस बाराबंकी से साक्ष्य लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।