
Lucknow Police Bicycle thief
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में पुलिस पर कानून-व्यवस्था कायम करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहीं पुलिस को हर छोटे बड़े अपराध के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तत्पर रहने के लिए डीजीपी भी कह चुके हैं। इन्हीं बातों को ध्यान रखते हुए लखनऊ पुलिस छोटी वारदातों को भी सुलझाने में जुटी हुई है। इसी क्रम में चिनहट थाना पुलिस ने एक साइकिल चोर गिरोह को पकड़ा है। पकड़े गए तीनों आरोपी राजधानी में साइकिल चोरी की वारदात को लंबें समय से अंजाम दे रहे थे। कई बार पीड़ित साइकिल चोरी की शिकायत नहीं करते। लेकिन पुलिस ने गिरोह से बरामद 49 साईकिलों के मालिकों का पता लगाना भी शुरू कर दिया है।
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि लखनऊ में साइकिल चोरी होने की मामले भी संज्ञान में आते रहे हैं। वहीं कई बार पीड़ित इसकी शिकायत करने भी थाने नहीं जाता। लेकिन पुलिस के हत्थे जब एक गिरोह चढ़ा तो उससे पुलिस ने चोरी की 49 साईकिलें बरामद की। दरअसल इंस्पेक्टर चिनहट रवीन्द्र नाथ राय की टीम मल्हौरपुरवा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन लोगों को संदेह के आधार पर रोका गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की। इस पर उन्हें पकड़ा गया। इनकी पहचान महेश लोधी, अंकित कश्यप और दीपक लोहार के रूप में हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने बताया कि वह साइकिल चोरी करते हैं। उक्त समय उनके पास मौजूद तीन साइकिलें भी चोरी की थी। इस पर टीम ने उनका ब्योरा खंगालना शुरू किया। फिर पता चला कि यह अब तक सैकड़ों साइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। यह तीनों औन-पौन दाम पर चोरी की साइकिलों को बेच दिया करते हैं। फिलहाल इनके पास से 49 साईकिलें बरामद की है।
घटना को अंजाम देने का तरीका
पुलिस के मुताबिक यह एक संगठित गिरोह है। यह सभी बाजारों , कोचिंग सेंटर और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में रैकी कर साईकिलें चोरी कर फरार हो जाते थे। साइकिलें चोरी कर उन्हें कही भी बेचना बेहद आसान था। इसलिए यह लोग किसी भी दाम पर चोरी की साइकिलें बेच कर अपना खर्च चलाते थे।
Published on:
28 Sept 2017 08:13 pm
