
पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास से मनाई जा रही दीवाली, सीएम योगी सहित कई पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने दी बधाई
लखनऊ. पूरे प्रदेश में आज गुरुवार दीवाली का त्योहार हर्षोल्लास के संग मनाया जा रहा है। सभी एक दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे है। इस अवसर पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश वासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहित कई पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने बधाई दी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने ट्विट पर लिखा कि, प्रकाश पर्व दीपावली की आप सभी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। मां लक्ष्मी की कृपा से प्रत्येक घर सुख-शांति, समृद्धि और आरोग्यता के आलोक से आलोकित हो। प्रभु श्री राम की कृपा से समस्त मानवों के चित्त सत्य की आभा से दीप्त हों। यह पर्व सम्पूर्ण सृष्टि के लिए मंगल व सुख का कारक बने।
त्रेतायुग जैसी छटा बिखेर रही है अयोध्या :- स्वतंत्र देव सिंह
यूपी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने शुभकामना संदेश में कहाकि, मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम अत्याचार, अन्याय और अधर्म का अंत करके अयोध्या लौटे और समूचे राष्ट्र में तिमिर का प्रतिकार करके अमावस की महानिशा को ज्योतिर्मय कर दिया। विगत वर्षों से अयोध्या त्रेतायुग जैसी छटा बिखेर रही है।
प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली लाए दिवाली :- अजय कुमार लल्लू
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दी है। बधाई संदेश में लल्लू ने कामना की है कि आने वाला समय प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली लाए और उनकी हर रात दीपावली जैसी हो।
दिवाली उत्साह के साथ मनाएं :- राम गोविंद चौधरी
विधान सभा के नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने दीपावली पर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व दुनिया भर के लोगों द्वारा बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है।
दीपावली एक लौकिक पर्व :- कुंवर मानवेंद्र
विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र ने भी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली एक लौकिक पर्व है, जो केवल बाहरी अंधकार को ही नहीं, बल्कि भीतरी अंधकार को मिटाने का भी पर्व है।
Published on:
04 Nov 2021 08:14 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
