30 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UPPCS Success Story: एड़ी-चोटी का जोर लगाकर नेहा पांचाल बनीं टॉपर, घर और बच्ची को संभालते हुए रचा इतिहास

UPPCS Result: 932 अभ्यर्थियों की रिजल्ट लिस्ट में नेहा पांचाल का नाम टॉप पर है। उनकी कामयाबी आज प्रदेश की उन लाखों लड़कियों के लिए प्रेरणा बन गई है जो घर-परिवार के साथ अपने करियर को नई उड़ान देना चाहती हैं।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Namrata Tiwary

Mar 30, 2026

neha panchal

यूपी पीसीएस टॉपर नेहा पांचाल

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) 2024 के नतीजों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर इरादे बुलंद हों तो कोई भी बाधा आपको मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती। इस बार की टॉपर नेहा पांचाल की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। नेहा ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। नेहा के इस परिणाम ने उन सभी महिलाओं के लिए एक मिसाल पेश की है जो शादी और बच्चों के बाद अपने सपनों को अधूरा छोड़ देती हैं।

होममेकर से टॉपर तक का सफर

नेहा पांचाल की इस शानदार जीत के पीछे 8 साल की लंबी तपस्या और कड़ी मेहनत है। नेहा एक गृहिणी होने के साथ-साथ एक छोटी बच्ची की मां भी हैं। उनके लिए पढ़ाई का सफर आसान नहीं था। तैयारी के दौरान घर की जिम्मेदारियां निभाना और अपनी बच्ची की परवरिश करना, फिर किताबों के साथ वक्त बिताना उनकी डेली रूटीन का हिस्सा था। उन्होंने अपनी बच्ची को पढ़ाने के साथ-साथ खुद की तैयारी को भी जारी रखा।

चौथे प्रयास में मिली सफलता

नेहा की सफलता का राज उनकी निरंतरता में छिपा है। उन्होंने 2018 में सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी। लगातार तीन बार असफलता हाथ लगने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। साल 2024 में अपने चौथे प्रयास में उन्होंने न सिर्फ परीक्षा पास की, बल्कि टॉप करके इतिहास रच दिया। इससे पहले 2023 में वह UPSC (संघ लोक सेवा आयोग) के इंटरव्यू तक भी पहुंची थीं।

एजुकेशनल बैकग्राउंड

नेहा की शुरुआती शिक्षा दिल्ली के मोतीराम मेमोरियल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने 2013 में दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्यामलाल कॉलेज से बीकॉम किया। अपनी तैयारी के दौरान ही उन्होंने पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशंस में मास्टर्स की डिग्री भी हासिल की। उनकी यह शैक्षणिक योग्यता उनके इंटरव्यू में भी काफी काम आई।

विषय पर है गहरी पकड़

नेहा न केवल घर संभालने में माहिर हैं बल्कि राज्य के मुद्दों पर भी उनकी गहरी पकड़ है। हाल ही में एक मॉक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने यूपी के बजट पर चर्चा करते हुए बताया था कि प्रदेश सरकार ने 2029 तक यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कृषि, महिला सशक्तिकरण और पीपीपी मॉडल (PPP Model) जैसे विषयों पर अपनी बेबाक राय रखी जो उनकी प्रशासनिक समझ को दर्शाता है।