
एक अप्रैल से यूपी में बिकेगी सस्ती बीयर, शराब के दाम में भी होगा बदलाव
लखनऊ. यूपी में पहली अप्रैल से नया वित्तीय वर्ष शुरू हो जाएगा। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही नया आबकारी सत्र भी शुरू हो जाएगा। नए आबकारी सत्र में बीयर, देसी और अंग्रेजी शराब के नए दाम लागू होंगे। पहली अप्रैल से बीयर सस्ती हो जाएगी जबकी शराब महंगी हो जाएगी।
शराब विक्रेता वेलफेयर एसोसिएशन के महामंत्री कन्हैया लाल मौर्य के अनुसार, पहली अप्रैल से बीयर के दाम में गिरावट आएगी। वहीं देसी और अंग्रेजी शराब के दाम बढ़ जाएंगे। बीयर के दामों में प्रति केन 20 रुपये से गिरावट देखी जाएगी। मौजूदा समय में बीयर का एक केन या बोतल इस वक्त औसतन 130 रुपये की है जो कि पहली अप्रैल से 110 रुपये की हो जाएगी। शराब के दाम में बढ़ोत्तरी होगी। मौर्या के अनुसार, देसी शराब का 200 मिलीलीटर का 42 डिग्री तीव्रता वाला पउवा 80 रूपये के बजाए 85 रूपये में मिलेगा। इसी तरह अंग्रेजी शराब के अलग-अलग ब्राण्ड के क्वाटर में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होगी।
लाइसेंस फीस में साढ़े सात फीसदी बढ़त
शराब के दाम में बढ़त और बीयर के सस्ते होने का कारण लाइसेंस फीस में बढ़ोत्तरी माना जा रहा है। आबकारी विभाग ने लाइसेंस फीस में साढ़े सात प्रतिशत का इजाफा किया है। जबकि, पिछले साल यह इजाफा 10 से 20 प्रतिशत का रहा था। दरअसल, कोरोना के कारण देशभर में लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। इसका असर समाज के हर वर्ग और विभाग पर पड़ा है। शराब बिक्री के सरकारी लाइसेंस धारकों को भी काफी नुकसान हुआ। जिसे देखकर आबकारी विभाग ने नए वित्तीय वर्ष में लाइसेंस की फीस ज्यादा नहीं बढ़ाने का फैसला लिया है। बता दें कि पिछले साल बीयर के लाइसेंस की फीस में 15 प्रतिशत, देसी शराब के लाइसेंस की फीस में 10 प्रतिशत और विदेशी शराब के लाइसेंस की फीस में 20 प्रतिशत का इजाफा किया गया था। जबकि, इस बार देसी और विदेशी शराब की लाइसेंस फीस में केवल साढ़े सात प्रतिशत का इजाफा किया गया है। बीयर की लाइसेंस फीस में वृद्धि नहीं की गई है।
Published on:
14 Mar 2021 10:39 am
