
ओपी राजभर की फिसली जुबान, 'NDA' की जगह बोल गए 'PDA', वीडियो वायरल
OP Rajbhar Viral Video News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया सियासी घमासान छिड़ गया है। गाजीपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की जुबान फिसल गई। जहां उन्होंने एनडीए (NDA) की जगह समाजवादी पार्टी के अभियान पीडीए (PDA - पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) का नाम ले लिया। राजभर के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने चुटकी लेते हुए उन पर निशाना साधा है।
गाजीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अपनी सरकार और गठबंधन की उपलब्धियां बता रहे थे। इसी दौरान जोश- जोश में उनके मुंह से निकल गया, "पीडीए आ रहा है…"। जैसे ही उनके मुंह से यह शब्द निकला, वहां मौजूद पत्रकार और लोग हैरान रह गए।
राजभर के ठीक बगल में सुभासपा विधायक बेदी राम बैठे थे। जैसे ही उन्होंने पीडीए शब्द सुना, उन्होंने तुरंत कोहनी से राजभर को धक्का देकर उनकी गलती का अहसास कराया। इसके बाद राजभर ने अपनी बात को तुरंत सुधारा और एनडीए कहा। लेकिन तब तक उनका यह वीडियो कैमरे में रिकॉर्ड हो चुका था और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया X पर शेयर किया।अखिलेश ने राजभर पर निशाना साधते हुए लिखा, "सच अपने आप निकलता है और झूठ सोचकर बोलना पड़ता है। आपने सच कहा, सही कहा ‘पीडीए’ आ रहा है। कोहनी मारकर मुंह से निकले सच को बदलने की कोशिश न की जाए।" अखिलेश ने आगे कहा कि मन से तो ये लोग भी 'पीडीए' ही हैं, बस अपने लालच के कारण दूसरी जगह हैं।
इस पूरे वाकये के बाद राजभर एक बार फिर बैकफुट पर आ गए हैं। सपा समर्थकों का कहना है कि राजभर लंबे समय तक अखिलेश के साथ रहे हैं, इसलिए उनके अवचेतन मन में अब भी पीडीए ही बसा है। वहीं, राजभर के समर्थकों का कहना है कि यह केवल एक स्लिप ऑफ टंग का है, जिसे विपक्ष बेवजह राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है।
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच इस छोटे से वीडियो ने यूपी की राजनीति में एक बार फिर हलचल मचा दी है। यह वाकया दिखाता है कि चुनावी माहौल में एक छोटी सी चूक भी विरोधियों के लिए बड़ा हथियार बन सकती है।
Updated on:
06 May 2026 11:58 am
Published on:
06 May 2026 11:58 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
