7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बैंड बाजे की धुन के साथ जैन मुनिश्री का मंगल प्रवेश

हमारे आंगना में आये मुनिराज हमारो मन नाचे रे

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

Feb 11, 2020

बैंड बाजे की धुन के साथ जैन मुनिश्री का मंगल प्रवेश

बैंड बाजे की धुन के साथ जैन मुनिश्री का मंगल प्रवेश

लखनऊ। जैन मुनि 108 सौरभ सागर महाराज का राजधानी में मंगलवार को मंगल प्रवेश हुआ। इस मौके पर जैन समाज ने गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। साथ ही उनकी आरती उतारी एवं पदप्रक्षालन किया गया। मुनिश्री प्रातः 8ः30 पर कुर्सी रोड स्थित स्पोर्ट कालेज पहुंचे। पहले उनका आदीश्वर जैन, विनय कुमार जैन, एके जैन, लक्ष्मी कांत जैन, संजय जैन, मनीष जैन, राहुल जैन ने जोरदार स्वागत किया। उसके बाद शोभा यात्रा के साथ मुनिश्री को गुडम्बा जैन मन्दिर ले गए।
यात्रा में ‘जैन मुनि को देख लो, त्याग करना सीख लो’ जय-जय गुरुदेव, अहिंसा परमो धर्मः आदि गगनभेदी नारों से इलाका गुंजायमान होता रहा। शोभायात्रा में सबसे आगे जैन धर्म घ्वजाएं, लेकर लोग चल रही थे।

वहीं म्हारे घर में पधारो गुरुदेव जी.. गीत पर नृत्य करते हुए महिला मण्डल ने डांडिया करते हुए चल रही थी। रास्ते में बैण्ड पर बज रहे भजन ‘गुरुवर आज गुडम्बा में आए हैं, चलते-फिरते तीरथ आए हैं.. प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। यात्रा में महिलाएं पीले व लाल साड़ी एवं पुरुष श्वेत वस्त्र, सिदरी पहने सिर पर पगड़ी लगाकर चल रहे थे। युवाओं की टोली भी नृत्य-संगीत पर झूमती रही।

मंदिर परिसर पहुंचने के उपरांत मुनि श्री सौरभ सागर जी ने भक्तों को आशीर्वाद दिया और प्रवचन का प्रसाद बांटा। मैना, रेनू और सरिता ने स्वागत गीत सौभाग्य हमारे है सौरभ सागर महाराज हमारे बीच पधारे है.. सुनाया। वीके जैन ने ‘हमारे आंगना में आये मुनिराज हमारो मन नाचे रे’ सुनाया तो गुरुदेव का जोरदार जयकारा लगा। इस मौके पर डालीगंज जैन समाज ने विनय जैन, हंसराज जैन, संजीव जैन व इन्दिरानगर के अभिषेक जैन, रोहित जैन की अगुवाई में श्रीफल चढ़ाया।
ट्रांस गोमती श्री दिगम्बर जैन सेवायतन के मीडिया प्रवक्ता संजय जैन ने बताया कि मुनिश्री के सानिध्य मे मन्दिर में 14 से 19 फरवरी तक पंचकल्याणक महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जायेगा।