
लखनऊ. एक ओर उत्तर प्रदेश सरकार गोरखपुर महोत्सव मना रही है तो दूसरी ओर प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने हमला बोलते हुए इसे बच्चों की मौत पर होने वाला जश्न बताया है। समाजवादी पार्टी का कहना है कि गोरखपुर में 60 लाख रूपये ऑक्सीजन का भुगतान करने के लिए सरकार के पास पैसे नहीं थे लेकिन एक करोड़ रूपये गोरखपुर महोत्सव पर खर्च करने के लिए उपलब्ध है। सपा ने कहा है कि महोत्सव पर खर्च होने वाला रुपया बच्चों के लिए ऑक्सीजन और इलाज पर खर्च होता तो सैकड़ों बच्चों की जान बच जाती।
भाजपा पर सपा के नक़ल का आरोप
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार संवेदनहीन है। सपा प्रवक्ता ने गोरखपुर महोत्सव को बच्चों की मौत पर होने वाला उत्सव बताया है। भदौरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार समाजवादी पार्टी सरकार के कामों की नक़ल कर रही है। सैफई महोत्सव की नक़ल कर गोरखपुर महोत्सव मनाया जा रहा है लेकिन इसमें अक्ल का इस्तेमाल नहीं किया गया है। सैफई में अभी महोत्सव चल रहा है जहां खेलकूद की गतिविधियों और स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा दिया जा रहा है जबकि गोरखपुर महोत्सव में सिर्फ नाच-गाने के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।
गोरखपुर महोत्सव में आयोजित होंगे कई कार्यक्रम
दरअसल गोरखपुर में गुरुवार से महोत्सव की शुरुआत हो रही है जिसका उद्घाटन प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक करेंगे जबकि समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। इस आयोजन में कत्थक, बैले सहित कई तरह के आयोजन होने हैं। कार्यक्रम में खेलकूद, वाद-विवाद, निबंध, बाल फिल्म महोत्सव, लोक नृत्य प्रतियोगिता, फ्लावर शो सहित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इससे पहले सैफई महोत्सव कराने पर आलोचना झेलती रही समाजवादी पार्टी को सत्ताधारी भाजपा सरकार हमला बोलने का यह मौक़ा मिल गया है।
यह भी पढ़ें - भाजपा की महारानी ने फरियादी को मारा थप्पड़
Published on:
11 Jan 2018 01:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
