
'शक्ति वाटिका' अभियान: आस्था और पर्यावरण का अद्भुत संगम
Shakti Vatika Campaign 2025: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 'शक्ति वाटिका-आस्था व हरियाली' अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया। 1 से 7 अप्रैल 2025 तक चले इस अभियान के दौरान प्रदेश के 781 धार्मिक स्थलों पर कुल 11,047 पौधे रोपित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 अप्रैल को बरेली के अटल आवासीय विद्यालय, नवाबगंज तहसील में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर इस अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत गोरखपुर मंडल में 44 धार्मिक स्थलों पर कुल 1,159 पौधे लगाए गए, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। इसके अलावा, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज सहित अन्य मंडलों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।
वन विभाग के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (योजना व कृषि वानिकी) दीपक कुमार के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसरों, आश्रमों और विद्यालयों में 'शक्ति वाटिका' की स्थापना करना था, जिससे आस्था और हरियाली का संगम स्थापित हो सके। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर त्रि-शक्ति वृक्षारोपण किया गया, जिसमें मां दुर्गा के प्रतीक के रूप में नीम, मां सरस्वती के लिए आम और मां पार्वती के लिए कदंब के पौधे लगाए गए। इसके अलावा, औषधीय, धार्मिक और पारिस्थितिकीय महत्व की प्रजातियों जैसे गुड़हल, अनार, अशोक, पीपल, बरगद, तुलसी आदि का भी रोपण किया गया। विद्यालयों में विद्यार्थियों ने इन पौधों को गोद लेकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
| मंडल | धार्मिक स्थल | रोपित पौधे |
| गोरखपुर | 44 | 1,159 |
| झांसी | 24 | 942 |
| लखनऊ | 51 | 864 |
| मुरादाबाद | 43 | 787 |
| सहारनपुर | 69 | 716 |
| कानपुर | 49 | 699 |
| अयोध्या | 38 | 681 |
| देवीपाटन | 50 | 670 |
| आगरा | 25 | 614 |
| मेरठ | 62 | 569 |
| चित्रकूट | 25 | 493 |
| बरेली | 96 | 488 |
| वाराणसी | 32 | 473 |
| बस्ती | 21 | 444 |
| मीरजापुर | 40 | 401 |
| प्रयागराज | 33 | 358 |
| अलीगढ़ | 58 | 349 |
| आजमगढ़ | 21 | 340 |
स्थानीय स्तर पर अभियान की सफलता
'शक्ति वाटिका-आस्था व हरियाली' अभियान उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो धार्मिक स्थलों पर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने में सहायक है। स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी और विभिन्न प्रजातियों के पौधों के रोपण से प्रदेश में हरित क्षेत्र का विस्तार हुआ है।
Updated on:
09 Apr 2025 12:46 am
Published on:
09 Apr 2025 12:46 am
