लखनऊ. उप्र के सबसे बड़े सियासी परिवार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। विधानसभा और विधानपरिषद चुनाव में सपा की करारी हार के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। छोटे भाई प्रतीक यादव की पत्नी अर्पणा यादव भाजपा में शामिल होकर हर रोज एक नया बयान जारी करती हैं। उधर, मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव भी अखिलेश के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। गुरुवार को मैनपुरी में अखिलेश यादव और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव एक मंच पर थे। यहां मुलायम ने कहा, परिवार में सब ठीक है। अखिलेश और शिवपाल में कोई अनबन नहीं है। लेकिन इसस उलट शिवपाल ने ऐसे संकेत दिए हैं जिससे लगता है कि वह सपा के कद्दावर मुस्लिम नेता आजम खान के साथ नया मंच बनाने की तैयारी में हैं। क्योंकि, शिवपाल को भाजपा में शामिल कराने में अभी देरी है। इसलिए आजम-शिवपाल का यह मंच काम करना शुरू किया तो अखिलेश की मुश्किलें बढ़ जाएंगी।