5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sunshine Returns: कई दिनों बाद लखनऊ में खिली धूप, कोहरे और ठंड से राहत, अगले पांच दिन अलर्ट नहीं

Sunshine Returns Fog Relief : कई दिनों तक घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से जूझ रही राजधानी लखनऊ में आखिरकार धूप निकल आई है। मौसम साफ होने और तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पार्कों में चहल-पहल बढ़ी है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक कोहरे का अलर्ट नहीं जारी किया है।

4 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

Jan 11, 2026

कोहरे और कड़ाके की ठंड के बाद लखनऊ में खिली धूप, लोगों ने ली राहत की सांस (फोटो सोर्स : WhatsApp News Group)

कोहरे और कड़ाके की ठंड के बाद लखनऊ में खिली धूप, लोगों ने ली राहत की सांस (फोटो सोर्स : WhatsApp News Group)

Sunshine Brings Relief to Lucknow After: कई दिनों तक घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चादर में लिपटी राजधानी लखनऊ में आखिरकार शुक्रवार को धूप ने दस्तक दे ही दी। सुबह जैसे ही सूरज की किरणें धरती पर उतरीं, लोगों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय बाद आई इस धूप ने न केवल मौसम को सुहावना बनाया, बल्कि लोगों के मन से ठंड की सुस्ती भी दूर कर दी। शहर में मानो यह चर्चा आम हो गई-“अरे भाई, आज तो असली सुबह है!”

बीते कई दिनों से राजधानी के लोग ठंड और कोहरे से परेशान थे। सुबह-सुबह घना कोहरा सड़कों पर छा जाता था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो जाती थी। वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ता था और ट्रेनें भी घंटों लेट हो रही थीं। दफ्तर जाने वाले लोग देरी से निकलते थे और घरों से बाहर कदम रखने से पहले कई बार सोचना पड़ता था। लेकिन शुक्रवार की सुबह मौसम ने राहत भरी मुस्कान दी।

सुबह से ही साफ रहा आसमान, पार्कों में बढ़ी चहल-पहल

शुक्रवार सुबह राजधानी का आसमान साफ नजर आया। हल्की ठंड के बीच जैसे ही धूप खिली, पार्कों और खुले मैदानों में टहलने वालों की संख्या बढ़ गई। गोमती नगर, हजरतगंज, अलीगंज और इंदिरा नगर के पार्कों में सुबह की सैर पर निकलने वालों की रौनक साफ दिखाई दी।

जो लोग बीते कई दिनों से रजाई और कंबल छोड़ने का नाम नहीं ले रहे थे, उन्होंने भी शुक्रवार को हिम्मत करके घर से बाहर झांक लिया। बुजुर्ग धूप सेंकते नजर आए तो युवा वर्ग ने भी खुली हवा में वॉक और जॉगिंग का आनंद लिया। बच्चों के चेहरे भी खिल उठे, जिन्हें स्कूल जाने में अब ठंड और कोहरे की परेशानी कम महसूस हो रही है।

तापमान में आई बढ़ोतरी, मौसम हुआ सुहावना

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (10 जनवरी) को लखनऊ का अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तापमान में यह बढ़ोतरी लोगों के लिए राहत लेकर आई है।
गौरतलब है कि गुरुवार को ठंड ने अपना पूरा असर दिखाया था। उस दिन राजधानी का अधिकतम तापमान सिर्फ 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब 2.4 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरकर 6.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने दिनभर ठिठुरन बनाए रखी थी।

पिछले दिनों ठंड और कोहरे ने बढ़ाई थी मुश्किलें

पिछले एक सप्ताह से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा था। सुबह और देर रात को दृश्यता बेहद कम हो जाती थी। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती थी और कई जगहों पर जाम की स्थिति बन जाती थी। रेल यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही थीं, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा। वहीं हवाई सेवाओं पर भी कोहरे का असर देखने को मिला। अस्पतालों में सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या भी बढ़ गई थी।

अगले पांच दिनों तक कोहरे का कोई अलर्ट नहीं

मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर यह है कि फिलहाल अगले पांच दिनों तक कोहरे को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यानी सुबह-सुबह ट्रेन छूटने का डर कुछ कम रहेगा और दफ्तर पहुंचने में देरी का बहाना भी खत्म होता नजर आ रहा है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी का महीना अभी बाकी है और इस दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कभी-कभी तापमान में गिरावट या हल्का कोहरा फिर से देखने को मिल सकता है।

धूप का लोग ले रहे हैं पूरा आनंद

धूप निकलते ही राजधानी में लोगों ने इसका भरपूर आनंद लेना शुरू कर दिया। कहीं छतों पर लोग चाय की चुस्कियों के साथ धूप सेंकते नजर आए, तो कहीं पार्कों में अखबार पढ़ते हुए बुजुर्ग दिखाई दिए। घरों की बालकनियों में बैठकर लोग धूप का सुख ले रहे हैं। व्यापारियों के लिए भी यह मौसम राहत भरा है। ठंड और कोहरे की वजह से बाजारों में ग्राहक कम निकल रहे थे, लेकिन अब धूप निकलने से बाजारों में रौनक लौटने की उम्मीद जताई जा रही है।

मौसम को लेकर बनी रहती है अनिश्चितता

हालांकि लोग फिलहाल राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन लखनऊ का मौसम कब करवट ले ले, यह कहना मुश्किल है। स्थानीय लोग मजाक में कहते नजर आए कि “लखनऊ का मौसम भी नेता जी की तरह है, कब पलट जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और रात के समय अभी भी हल्की ठंड बनी रह सकती है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के उपाय जारी रखने की सलाह दी गई है।

फिलहाल राहत, आगे नजर मौसम पर

कुल मिलाकर, कई दिनों बाद आई धूप ने राजधानीवासियों को ठंड और कोहरे से बड़ी राहत दी है। लोगों के चेहरे पर मुस्कान है और दिनचर्या फिर से पटरी पर लौटती नजर आ रही है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह राहत कितने दिनों तक कायम रहती है। फिलहाल तो लखनऊ वासी धूप का पूरा आनंद ले रहे हैं,छत पर चाय पीते हुए, तो कोई पार्क में बैठकर अखबार पढ़ते हुए। ठंड के इस मौसम में धूप की यह सौगात लोगों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।