
अखिलेश यादव ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि उड़ान के दौरान हेलिकॉप्टर में धुआं भर गया था और आग लगने जैसी स्थिति बन गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रोटोकॉल के तहत डिप्टी सीएम को नया हेलिकॉप्टर मिलना चाहिए था, लेकिन उन्हें पुराना और खराब हेलिकॉप्टर क्यों दिया गया। अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में समाजसेवी मेवालाल के घर पहुंचे थे, जहां उनके बेटे की शादी का कार्यक्रम था। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बयान दिया। सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि डिप्टी सीएम “पीडीए” वर्ग से आते हैं।
पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल से जुड़े विवाद को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा कोई भी चीज निकाल लेगी। उनसे बहुत सावधान रहना चाहिए। साजिश और षड्यंत्रों से भी सावधान रहने की जरूरत है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा को पहले यह बताना चाहिए कि वह खुद कितना प्रोटोकॉल मानती है और दूसरों को कितना सम्मान देती है। उनके मुताबिक, भाजपा अक्सर ऐसे मुद्दों को उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी संवैधानिक पदों और संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए। किसी भी मुद्दे को राजनीति के लिए इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की विदेश नीति भी अब बाहर से प्रभावित होती दिख रही है और फैसले दूसरे देशों के दबाव में लिए जा रहे हैं।
इसके अलावा उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक है। खासतौर पर पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्ग की महिलाओं के साथ अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार सच्चाई से घबराती है और अब धार्मिक मुद्दों पर भी विरोधाभास देखने को मिल रहा है।
दरअसल शनिवार सुबह डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ से कौशांबी के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हुए थे। उड़ान के कुछ देर बाद लगभग 2000 फीट की ऊंचाई पर हेलिकॉप्टर का डिस्प्ले अचानक बंद हो गया और अंदर धुआं भरने लगा था।
स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद हेलिकॉप्टर को वापस लखनऊ एयरपोर्ट लाया गया। और सुबह करीब 11:15 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। हेलिकॉप्टर में डिप्टी सीएम समेत कुल छह लोग सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
Updated on:
08 Mar 2026 08:43 pm
Published on:
08 Mar 2026 08:36 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
