31 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘चुनाव विकास के दम पर नहीं, तिकड़म से जीते जाते हैं,’ बीजेपी विधायक के इस बयान पर मचा बवाल

BJP MLA Shyam Prakash: यूपी में बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश का एक विवादित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि चुनाव विकास से नहीं बल्कि 'तिकड़म' से जीते जाते हैं। इस पर अखिलेश यादव ने भी तीखा तंज कसा है। जानिए पूरा मामला...

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Pratiksha Gupta

May 31, 2026

BJP MLA Shyam Prakash, BJP MLA Shyam Prakash statement

बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश | फोटो सोर्स- X(@RajniTiwari_)

BJP MLA Shyam Prakash: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों एक नया सियासी भूचाल आ गया है। हरदोई जिले के गोपामऊ से बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक जी चुनाव जीतने का एक ऐसा 'सीक्रेट' बताते नजर आ रहे हैं, जिसने खुद उनकी पार्टी को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। विधायक का साफ कहना है कि चुनाव विकास कार्यों के दम पर नहीं, बल्कि राजनीतिक तिकड़मों से जीते जाते हैं। इस बयान के सामने आते ही समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोल दिया है।

क्या है पूरा मामला और विधायक ने ऐसा क्यों कहा?

यह पूरा मामला हरदोई जिले के टड़ियावां ब्लॉक का है। वहां ग्राम प्रधानों का कार्यकाल छह महीने बढ़ने की खुशी में एक सम्मान समारोह रखा गया था। इस कार्यक्रम में पहुंचे बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश ने मंच से प्रधानों के सामने एक टिप्पणी कर दी। विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि हम तो बहुत विकास काम करवाकर देख चुके हैं। जिन गांवों में हमने पक्की सड़कें बनवाई, जब चुनाव के बाद वहां के वोटिंग बॉक्स खुले, तो उनमें हमारे लिए वोट ही नहीं निकले। इसलिए यह सच है कि चुनाव सिर्फ विकास के भरोसे नहीं, बल्कि राजनीतिक तिकड़म और सही रणनीति से ही जीते जाते हैं।

प्रधानों को दिया 'साम, दाम, दंड, भेद' का मंत्र

विधायक जी यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे होने वाले पंचायत चुनावों को लेकर प्रधानों को जीत का अनोखा मंत्र भी दे डाला। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दो। चुनाव जीतने के लिए चाहे जो भी तिकड़म लगानी पड़े,साम, दाम, दंड, भेद सब अपना लेना, लेकिन हर हाल में अगला चुनाव जीतना है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानों से कहा कि वे सरकार के साथ तालमेल बनाकर रखें ताकि विकास के काम के साथ सरकार का भरोसा भी बना रहें।

अखिलेश यादव का पलटवार, 'भाजपा बेईमानी से चुनाव जीतती है'

जैसे ही बीजेपी विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, विपक्ष को बैठे-बिठाए एक बड़ा मुद्दा मिल गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बयान को शेयर करते हुए बीजेपी पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने लिखा है कि भाजपा में जो जितना बेईमान, वो बैठा है उतनी ऊंची मचान। भाजपा बेईमानी से चुनाव जीतती है, इस बात को स्वीकार करके भाजपा के विधायक ने भ्रष्ट भाजपाई राजनीति का एनकाउंटर कर दिया है और उस पर बुलडोजर भी चलवा दिया है। अब देखना यह है कि पार्टी इन विधायक को बाहर का रास्ता दिखाती है या अगला मुख्यमंत्री घोषित करती है। इस बार जनता बीजेपी की सारी तिकड़मबाजी फेल कर देगी।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

इस बयान के बाद से ही सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ विपक्ष इसे बीजेपी की असली चुनावी रणनीति बताकर घेर रहा है, वहीं दूसरी तरफ खुद बीजेपी के लिए अपने ही विधायक के इस बयान पर सफाई देना मुश्किल हो रहा है।