उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ बुधवार को कांग्रेस ने लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया। यूपी कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से लेकर कमिश्नर कार्यालय तक मार्च किया। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में कानून व्यवस्था के मोर्चे पर योगी सरकार को फेल बताते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा के राज में दिन दहाड़े हत्याएं, डकैती और फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। महिलाओं की स्थिति बेहद खराब है। पुलिस वाले ही कानून से खिलवाड़ कर रहे हैं।