
चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान Source- X
UP Politics: नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने साफ कहा है कि उनकी पार्टी बीजेपी को छोड़कर किसी भी अन्य दल के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार है। यह बयान बाराबंकी के हैदरगढ़ में पार्टी के स्थापना दिवस और कांशीराम जयंती के मौके पर आयोजित एक बड़ी जनसभा में दिया गया।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बीजेपी से उनके वैचारिक मतभेद बहुत गहरे हैं। इसलिए बीजेपी के साथ कोई गठबंधन संभव नहीं है। लेकिन बाकी सभी पार्टियों के साथ उनके दरवाजे खुले हैं। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे एकजुट हों और बीजेपी को चुनौती दें। चंद्रशेखर ने जोर देकर कहा कि बीजेपी से डरने की कोई जरूरत नहीं है। बस हमारे साथ आ जाइए, हम मिलकर इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। उनका मानना है कि सामूहिक प्रयास से वर्तमान सत्ता को हटाया जा सकता है।
चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के चुनाव में विपक्ष की एकता को बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अगर सभी विपक्षी दल एक साथ आएं तो बीजेपी को हराना आसान हो जाएगा। उन्होंने बहुजन समाज और अन्य वर्गों से अपील की कि वे एकजुट होकर लड़ें। उनका मकसद है कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए मजबूत मोर्चा बनाया जाए।
सभा में चंद्रशेखर ने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'हर कोने में यमराज' वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी से जुड़े अपराधी यमराज को भी छुट्टी पर भेज देते हैं। संभल, जौनपुर जैसी घटनाओं का हवाला देकर उन्होंने सरकार पर नाकामी का आरोप लगाया। अपने वाहन पर पथराव और धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि वे नहीं डरते। उनका नाम चंद्रशेखर है और बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान की ताकत उनके साथ है। यह बयान यूपी की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है।
Published on:
16 Mar 2026 12:06 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
